Kashi Vishwanath Dham: बाबा की आरती में श्रद्धालुओं का रेला, 9 माह में सवा लाख से ज्यादा श्रद्धालु हुए शामिल
श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद सावन में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया। इतना ही नहीं दिसंबर 2021 से सितंबर 2022 के बीच चार प्रहर की आरती में सवा लाख से ज्यादा श्रद्धालु शामिल हुए।
विस्तार
श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद देश-विदेश से श्रद्धालुओं ने दरबार में हाजिरी लगाई है। श्रद्धालुओं के आंकड़ों ने नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। तीनों लोकों से न्यारी काशी के पुराधिपति की भव्य आरती देखने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है। आलम यह है कि श्रद्धालुओं की संख्या में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है।
सावन में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया। आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2020 से सितंबर 2021 तक चार प्रहर की आरती में 58,096 श्रद्धालुओं को टिकट जारी किया गया था। धाम के लोकार्पण के बाद दिसंबर 2021 से सितंबर 2022 तक का आंकड़ा 1,26,510 तक पहुंच चुका है।
श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होगा
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि सुविधाओं का विस्तार होने से श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ी है। बाबा की मंगला आरती, भोग आरती, सप्तर्षि आरती और श्रृंगार भोग आरती में श्रद्धालुओं की संख्या दोगुनी से ज्यादा हुई है। जैसे-जैसे सुविधाएं बढ़ेंगी धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होगा।
मंगला आरती से होती है शुरुआत
बाबा विश्वनाथ की आरती की शुरुआत मंगला आरती से होती है। दोपहर में भोग आरती, शाम को सप्त ऋषि आरती के बाद श्रृंगार भोग आरती और रात्रि में शयन आरती होती है। मंगला आरती में श्रद्धालुओं की संख्या तीन गुना, श्रृंगार भोग आरती और सप्तर्षि आरती में दो गुना टिकट काटे गए हैं।
पिछले साल मंगला आरती में 27,175 श्रद्धालु तो वर्तमान वर्ष में यह आंकड़ा 74,302 तक पहुंच गया। सप्तर्षि आरती में पिछले साल 14,665 और वर्तमान में 26,794, पिछले साल श्रृंगार भोग आरती में 5442 टिकट काटे गए तो वर्तमान वर्ष में 12, 939 टिकट काटे गए।