जौनपुर : पात्रों की जांच करना जूनियर इंजीनियर को पड़ा भारी, मोहल्ले वालों ने किया ये हाल
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक जूनियर इंजीनियर को पात्रों की जांच करना महंगा पड़ गया। सभासद पति ने नौ अन्य लोगों के साथ मिल कर जेई की पिटाई कर दी।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जौनपुर के शाहगंज के नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर एक आंबेडकर नगर मोहल्ले से पात्रों की सूची भेजी गई थी। लाभार्थियों की पात्रता की जांच करने के लिए शासन द्वारा बनी कमेटी से जेई विनीत प्रताप सिंह, नगर पालिका के एक पंप ऑपरेटर अमित शर्मा लेकर मोहल्ले में पहुंचे। यहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
इसके बाद वार्ड की सभासद सरोज देवी के पति रामदवर के नेतृत्व में जुटे लोगों ने पंप ऑपरेटर की पिटाई कर दी। यह देखकर जेई चेयरमैन गीता जायसवाल के आवास पर चले गए। इसके बाद मोहल्ले वालों ने चेयरमैन आवास पर पहुंचकर हंगामा किया और जेई को घर से बाहर खींचकर पिटाई कर दी। घायल जेई का राजकीय पुरुष चिकित्सालय में उपचार कराया गया।
पीड़ित जेई ने 10 लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा
जेई विनीत प्रताप सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय से मिली लाभार्थियों की सूची की जांच के दौरान लोग नाम बढ़ाने की जिद पर आ गए। समझाने का प्रयास किया तो लोग मारपीट करने लगे। वहीं, सभासद पति रामदवर ने आरोप लगाया कि जेई ने प्रति आवास पात्रों से पांच हजार रुपये की मांग की। न देने पर आवास रद्द करने की धमकी दी।
विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। चेयरमैन गीता जायसवाल ने बताया कि जांच के लिए मोहल्ले में गए जेई और पालिकाकर्मी के साथ मारपीट की गई। जान बचाकर दोनों जब मेरे घर पहुंचे तो भीड़ ने घर के भीतर से घसीटकर बाहर निकाला और उनके साथ मारपीट की।
उधर, पीड़ित जेई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रामदवर, मक्खनलाल और 10 अज्ञात पर मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का केस दर्ज कर लिया।