Varanasi News: ओवरलोड और बिजली बिल में गड़बड़ी का उठाया मुद्दा, कैंप में बुनकरों ने गिनाई समस्याएं
Varanasi News: कज्जाकपुरा स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पर आयोजित शिविर में बिजली की काफी समस्याएं आईं। यह भी आरोप लगे कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जाता।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजली निगम की ओर से कज्जाकपुरा स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पर लगे कैंप में बुनकरों ने अधिकारियों के सामने ओवरलोड, बिल संबंधी गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। बुनकरों ने कहा कि कई बार आवाज उठाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाता है।
मौके पर मौजूद मुख्य अभियंता अरविंद कुमार सिंघल ने बुनकरों को समस्या का हर संभव समाधान करवाने के साथ ही बेहतर बिजली आपूर्ति का भी भरोसा दिलाया। कैंप में बिस्मिल्लाह अंसारी ने बताया कि जरूरत के हिसाब से उन लोगों ने अपने पावरलूम को चलाने के लिए मोटर का लोड भी कम कर दिया है। इसके बाद भी बिजली निगम की ओर से पावरलूम पर ओवरलोड बताकर परेशान किया जाता है।
जलालीपुरा निवासी सरीपुल बसर ने बताया कि बिजली ओवरलोड के नाम पर शोषण किया जा रहा है, अब पावरलूम चलाना मुश्किल हो गया है। शिविर में पूर्व पार्षद हाजी ओकास अंसारी ने कहा कि फ्लैट रेट के हिसाब से बिजली का बिल जमा करने के बाद भी बिल में बकाया दिखाया जाता है।
जलालीपुरा में बुनकरों के संगठन बुनकर एकता जागरूक मंच की ओर से बिजली जमा करने के लिए और काउंटर खोलने और उपकेंद्रों पर जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात रखी गई है। इस दौरान मो. इदरीस, अकील अंसारी, बेलाल अंसारी, जावेद असलम ने अपनी बात रखी।
कैंप में पहुंची 83 शिकायतों में 67 का निस्तारण
मुख्य अभियंता अरविंद कुमार सिंघल ने बताया कि कैंप में कुल 83 शिकायतें आईं। इसमें से 67 का मौके पर समाधान किया गया। इसमें कुछ शिकायतों के मामले में उपभोक्ताओं के पास जरूरी कागजात न होने की वजह से उसका निस्तारण सोमवार को कराया जाएगा। 52 लोगों ने पासबुक बनाने, कनेक्शन काटने की 3, लोड बढ़ाने के 28 शिकायतें आई हैं। इस दौरान 3.20 लाख रुपये राजस्व भी मिला है।