बॉडी मैच कराने के नाम पर ब्लैकमेल: IPS अफसर की डीपी लगाकर करते थे BHU की छात्राओं को फोन, दो गिरफ्तार
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार गिरफ्तार चंद्रपाल परिहार और मोहम्मद नासिर दोनों झांसी के निवासी हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह आईपीएस अफसरों की फोटो व्हाट्सएप डीपी पर लगाकर छात्राओं, महिलाओं को मोर्फ फोटो वायरल कर उन्हें भेजता था।
विस्तार
छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर पैसा ऐंठने वाले दो साइबर जालसाज को लंका पुलिस ने बुधवार को नरिया तिराहे से गिरफ्तार किया। जालसाजों ने बीएचयू की दो छात्राओं से आईपीएस अफसर बनकर बॉडी मैच कराने के नाम पर अश्लील वीडियो बनाया और फिर ब्लैकमेल कर पैसा वसूले थे। छात्राओं की ओर से दर्ज मुकदमे के आधार पर लंका पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार गिरफ्तार चंद्रपाल परिहार और मोहम्मद नासिर दोनों झांसी के गुरसराय थाना अंतर्गत सरसैंडा के निवासी हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह आईपीएस अफसरों की फोटो व्हाट्सएप डीपी पर लगाकर छात्राओं, महिलाओं को एडिट फोटो वायरल कर उन्हें भेजते थे।
व्हाट्सएप वीडियो कॉल से बनाते थे दबाव
इसके बाद पुलिसिया रौब झाड़ते हुए चेकिंग के नाम पर महिलाओं और छात्राओं को व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए उन्हें बॉडी मैच कराने का दबाव बनाते थे। बॉडी मैच के दौरान अश्लील वीडियो बनाने के बाद वीडियो वायरल की धमकी देकर ब्लैकमेल करके पैसा ऐंठते थे।
पुलिस आयुक्त के अनुसार दोनों के मोबाइल खंगालने पर गैलरी से कई महिलाओं, छात्राओं और पुलिस अफसरों के फोटो बरामद हुए। विभिन्न बैंकों खातों से लेनदेन का विवरण भी मिला। पुलिस आयुक्त के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। चंद्रपाल और नासिर ने वाराणसी के अलावा और किन शहरों में ऐसे अपराध किए हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।
ऐसे करते थे अपराध
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि दोनों साइबर अपराधियों ने पहले भी कई लोगों को अपना शिकार बनाया। व्हाट्सएप की डीपी पर पुलिस अधिकारी की फोटो लगाकर महिलाओं, छात्राओं को मैसेज भेजकर कहते थे कि उनका आपत्तिजनक फोटो वायरल हो रहा है।
अरदब में लेकर डराते थे। अपराधी का सहयोग करने का केस तुम्हारे खिलाफ भी चलाया जाएगा। इसके बाद लड़की मजबूर हो जाती थी। डर कर व्हाट्सएप कॉल पर छात्रा व महिला न्यूड हो जाती थी। फिर चंद्रपाल फोटो और वीडियो बना लेता था।
इसके बाद चंद्रपाल ब्लैकमेल कर नासिर के बैंक अकाउंट में पैसा मंगवाता था। सर्विलांस सेल प्रभारी अंजनी पांडेय और लंका क्राइम टीम के निरीक्षक सजानंद श्रीवास्तव की टीम ने आरोपियों को सर्विलांस और बैंक खाता की मदद से ट्रेस कर गिरफ्तार किया।
अनजान नंबर से आए कॉल को न उठाएं
पुलिस आयुक्त ने अपील किया कि व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आने वाले कॉल को न उठाएं। इस तरह की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। घबराएं नहीं, पुलिस हर समय आपके साथ है। पीड़ित की पहचान भी उजागर नहीं होगी।