Indian Railway: यात्रीगण कृपया ध्यान दें, कल से पटरी पर लौटेगी बनारस-बक्सर मेमू, तीन से अंत्योदय एक्सप्रेस
कोरोना काल के समय से बंद बनारस-बक्सर मेमू ट्रेन फिर से पटरी पर लौटेगी। एक अगस्त से यह ट्रेन सेवा बहाल हो रही है।
विस्तार
कोरोना काल के समय से बंद बनारस-बक्सर मेमू ट्रेन फिर से पटरी पर लौटेगी। एक अगस्त से यह ट्रेन सेवा बहाल हो रही है। 03650 मेमू स्पेशल पैसेंजर ट्रेन बनारस स्टेशन से रोजाना शाम 6.05 बजे खुलेगी और कैंट, काशी, व्यास नगर, पं दीनदयाल उपाध्याय से होते हुए रात 11.05 बजे बक्सर स्टेशन पहुंचेगी।
वहीं, बक्सर स्टेशन से यह ट्रेन रोजाना सुबह 6.20 बजे खुलेगी और पं दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन, व्यास नगर, काशी, कैंट होते हुए सुबह सवा दस बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ अशोक कुमार के अनुसार एक अगस्त से ट्रेन का संचालन शुरू हो रहा है। यात्रियों को इसमे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना अनिर्वाय होगा।
तीन अगस्त से चलेगी दरभंगा के लिए अंत्योदय एक्सप्रेस
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 15551/15552 दरभंगा-वाराणसी सिटी-दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस (साप्ताहिक) का परिचालन फिर से बहाल हो रहा है। तीन अगस्त से यह ट्रेन चलेगी।
ट्रेन 15551 दरभंगा-वाराणसी सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस तीन अगस्त से प्रत्येक बुधवार को दरभंगा से रात 8.75 बजे खुलेगी।
दूसरे दिन सुबह 6.15 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी। वहीं, वापसी यात्रा में ट्रेन 15552 अंत्योदय एक्सप्रेस चार अगस्त से प्रत्येक गुरुवार को वाराणसी सिटी से सुबह 9.25 बजे रवाना होगी और रात 8.45 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
उत्सर्ग का संचालन बंद होने से परेशानी
कई ट्रेनों का मार्ग बदलने और उत्सर्ग एक्सप्रेस का परिचालन पांच अगस्त तक ठप होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस अप व डाउन को छपरा से बाराबंकी के रास्ते लखनऊ तक चलाया जा रहा है। सरयू- यमुना एक्सप्रेस अप व डाउन को छपरा-गोरखपुर के रास्ते चलाया जा रहा है।
ऐसे में सुरेमनपुर-बलिया-गाजीपुर के रास्ते आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक एलपी वर्मा ने बताया रेलवे ट्रैक पर काम चल रहा है। जिससे उक्त ट्रेनों का परिचालन पांच अगस्त तक बंद है।