# Hotspot के चारों मोहल्लों में बढ़ेगी सख्ती, घर से निकलने पर दर्ज होगा मुकदमा
कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मोहल्ले हॉटस्पॉट घोषित होने के बाद बुधवार शाम से इन इलाकों में सख्ती बढ़ा दी गई है। गंगापुर, लोहता, मदनपुरा और बजरडीहा इलाके को पूरी तरह सील करते हुए सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। यहां घर से बाहर निकलने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बाहर से भी किसी व्यक्ति को इन मोहल्लों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वाराणसी में कोरोना के नौ मरीज मिलने के बाद शासन ने हॉटस्पॉट वाले इलाकों को पूरी तरह सील करने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, कोरोना के पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद से ही वाराणसी के मदनपुरा, लोहता के अलावल, गंगापुर और बजरडीहा को सील किया गया था। कोरोना संक्रमण की आशंका के मद्देनजर गंगापुर, लोहता, बजरडीहा और मदनपुरा में पुलिस को गली से लेकर अन्य जगहों पर तैनात किया गया है। इन इलाकों में अब 24 घण्टे ड्रोन से निगरानी भी होगी।
जिलाधिकारी कैशलराज शर्मा ने बताया कि लोहता, गंगापुर, मदनपुरा और लोहता इलाके में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। इसके बाद ही इन इलाकों के रास्तों को बांस बल्ली से सील कर दिया गया है। शासन के निर्देश से बनारस में बहुत बदलाव नहीं होगा। यहां पहले से हॉटस्पॉट सील कर निगरानी कराई जा रही है।
सुबह और शाम आधे घंटे की ढील
डीएम कौशलराज शर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद इन क्षेत्रों को रेड जोन बनाया गया है। इन इलाकों में किसी को जाने की अनुमति नहीं है। जरूरी सेवाओं के लिए बैरिकेड तक सब्जी, फल सहित अन्य जरूरी सामान पहुंचेगा। सुबह और शाम आधे घंटे की छूट होगी। इन चारों क्षेत्रों में लागू लॉक डाउन को अपग्रेड किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इन इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय है और लोगों पर नजर रखी जा रही है।
खंगाली जा रही है ट्रैवेल हिस्ट्री
कोरोना के बनारस में नौ मरीजों की ट्रैवेल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आये लोगों की सूची बनाई जा रही है।