फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   important news in one click of varanasi People protesting threatened bulldozers roared three shops

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरेंः धरना दे रहे लोगों को धमकाया, तीन दुकानों पर गरजा वीडीए का बुलडोजर

Wed, 14 Aug 2024 10:26 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 14 Aug 2024 10:26 PM IST
सार

Varanasi News: बांग्लादेश में हिन्दुओं के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के खिलाफ धरनारत लोगों को धमकी दी गई। सीसीटीवी के माध्यम से पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। वहीं, वाराणसी विकास प्राधिकरण ने जिले में तीन स्थानों पर बुलडोजर पर कार्रवाई की। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
important news in one click of varanasi People protesting threatened bulldozers roared three shops
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के विरोध में आशापुर चौराहा पर धरनारत लोगों को बुधवार की शाम धमकाया गया। धरना का नेतृत्वकर्ता नागेश्वर मिश्रा ने स्थानीय थाने पर तहरीर दी है। पुलिस आसपास के सीसी कैमरे के माध्यम से धमकी देने वालों की पहचान में जुटी हुई है।

विज्ञापन


आशापुर चौराहे पर पिछले चार दिन से धरनारत नागेश्वर मिश्रा ने बताया कि शाम को एक व्यक्ति आया और हालचाल पूछने लगा। इसके बाद एक अन्य युवक आया, वह भी हालचाल पूछने लगे। दोनों बगल में बैठ गए। इसके तुरंत बाद चार युवक आये और दोनों युवकों से चलने के लिए कहने लगे। 
विज्ञापन


बताया कि जाते-जाते सभी युवकों ने कहा कि गुरुजी ठीक नहीं कर रहे हैं। ये सब हटाइये वरना ठीक नहीं होगा। कहकर सब चले गए। बताया कि बगल में बैठे संजय सिन्हा ने कहा कि दो युवक लुंगी पहने हुए हैं। इसके बाद सभी ऑटो में बैठकर भाग गए। इस बाबत स्थानीय थाने पर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक सारनाथ परमहंस गुप्ता ने कहा कि सीसी कैमरे के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


ज्ञानवापी वजूखाने के सर्वे पर सुनवाई अब 22 को
इलाहाबाद हाईकोर्ट में वाराणसी के ज्ञानवापी स्थित वजूखाने की एएसआई से सर्वेक्षण कराने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई अब 22 अगस्त को होगी। बुधवार को अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद के वकील की ओर से लगाई गई बीमारी की अर्जी के कारण मामले की सुनवाई नहीं हो सकी।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की एकल पीठ कर रही है। पिछली सुनवाई वजूखाने की एएसआई जांच की मांग वाली याचिका पर हुई थी। याची अधिवक्ता से कोर्ट ने पूछा था कि वजूखाना का एएसआई सर्वे क्यों कराना चाहते हैं? याची अधिवक्ता ने दलील दी थी कि कथित ज्ञानवापी मस्जिद के धार्मिक चरित्र के निर्धारण के लिए यह जरूरी है। कोर्ट ने मामले में अंजुमन इंतजामिया मस्जिद समिति से जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए कहा था। 

Trending Videos

important news in one click of varanasi People protesting threatened bulldozers roared three shops
निरीक्षण के दौरान डीआईजी जेल। - फोटो : अमर उजाला

डीआईजी जेल ने जिला जेल का किया निरीक्षण
डीआईजी रेंज जेल राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान पाकशाला, अस्पताल, महिला बैरक का हाल जाना। बंदियों के बच्चों को चॉकलेट देने के साथ ही विभिन्न बैरकों में तलाशी ली। बंदियों से पूछताछ की। जेल परिसर में निर्माण कार्यों की प्रगति भी जानी। 

छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों ने भाई को पीटा
बड़ागांव। कोइरीपुर के निजी इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा से छेड़खानी का विरोध करने पर भाई की मनचलों ने बुधवार को पिटाई कर दी। पुलिस ने घायल का स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया। कुड़ी गांव की छात्रा ने बताया कि वह तीन सहेलियों के साथ स्कूल कॉलेज जाती है।

बड़ागांव डीह व कोइरीपुर के कुछ शोहदे पीछा कर छींटाकशी करते थे। तीन दिन पूर्व भाई ने एक मनचले को धमकाया था। जिसके बाद मनचले ने साथियों के साथ सुबह 10 बजे विद्यालय से चंद कदम की दूरी पर उसके भाई पर हमला कर दिया। भाई ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। 

तीन आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में भेजा गया जेल
गैंगस्टर एक्ट के तीन आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार रात लालपुर चट्टी के पास ज्ञानपुर नहर से गिरफ्तार किया। बुधवार को तीनों जेल भेज दिए गए। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान रवि विश्वकर्मा, विशाल राजभर व आनंद सैनी उर्फ कल्लू की पहचान गौर गांव निवासी के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ मिर्जामुराद व राजातालाब थाना में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। चोरी के मामले में जेल भी जा चुके हैं।

किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को सात वर्ष की कैद
विशेष न्यायाधीश पाॅक्सो अभिनव द्विवेदी की अदालत ने किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म में दोषी विजय यादव को 7 वर्ष की कैद और 18 हजार जुर्माने की सजा सुनाई। विशेष लोक अभियोजक के मुताबिक, चौबेपुर थाने के इस मामले में वादी जब जाल्हूपुर बाजार गया था। 

इसी दौरान 10 नवंबर 2016 को 14 साल की पुत्री को आरोपी अगवा कर ले गया और दुष्कर्म किया। अगले दिन पीड़िता को उसके ननिहाल के पास विजय यादव छोड़कर भाग निकला। उस समय पीड़िता की मां अपनी मायके में ही थी। 

मंदिर परिसर में गश खाकर गिरे साधु की मौत
रामनगर थाना क्षेत्र के बलुआ घाट हनुमान मंदिर में साधु रामविलास (80) वर्ष की बुधवार सुबह मंदिर परिसर में गिरने से मौत हो गई। लोगों ने पुलिस को बताया कि साधु सुबह मंदिर परिसर में खड़े थे। अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। सोनभद्र के भत्ते माझी गांव निवासी रामविलास दस साल से हनुमान मंदिर में ही रह रहे थे। पुलिस ने पुत्र अमित कुमार को फोन पर घटना की जानकारी दी। 

दंपती समेत पुत्रों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
दंपती, पुत्रों समेत आठ के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर कैंट पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया। मड़ाव रोहनिया निवासी श्यामरथी, पन्नालाल, जयप्रकाश, विजय प्रकाश, ओम प्रकाश, बृजमोहन, धर्मराज, कृष्ण मोहन ने जमीन पर कब्जा कर लिया है। पीड़ित रामसूरत के अनुसार वह जब जमीन पर जाता तो उसे धमकी देकर भगा दिया जाता है।

important news in one click of varanasi People protesting threatened bulldozers roared three shops
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद वीडीए कर्मचारी। - फोटो : अमर उजाला

तीन दुकानों पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण किए सील
वीडीए वीसी पुलकित गर्ग के आदेश पर शहर में अलग-अलग स्थानों पर अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की। वीडीए की लालपुर आवास योजना की जमीन पर कुछ लोगों ने तीन दुकानों का निर्माण कर लिया था। वीडीए की टीम ने उसे गिरा दिया। 

नगवा मौजा के मारुतिनगर कॉलोनी में अज्ञात लोगों ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए पांच बीघा में अवैध प्लॉटिंग शुरु कर दी। वीडीए की टीम ने यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कुसुम राय ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन निर्माण कराया था। वीडीए की टीम ने सीलिंग कर नोटिस जारी किया। दूसरी ओर केसरीपुर में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए चार बीघा जमीन पर प्लॉटिंग की जा रही थी। वीडीए की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। 

ड्यूटी कर रहे होमगार्ड की पिटाई, वीडियो वायरल
पांडेयपुर काली माता मंदिर के पास मंगलवार रात यातायात ड्यूटी कर रहे होमगार्ड की एक युवक ने पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो भी वायरल हुआ है। बुधवार को होमगार्ड की शिकायत पर लालपुर-पांडेयुपर पुलिस जांच कर रही है।

दरअसल, पांडेयपुर काली माता मंदिर के पास होमगार्ड ड्यूटी पर था, तभी हाफ टी शर्ट और जींस में पहुंचा युवक अचानक उससे उलझ गया। वायरल वीडियो में उसके साथ दो युवक भी थे। एक युवक कुछ देर तक होमगार्ड से बहस करता हुआ दिखा और अचानक होमगार्ड की पिटाई शुरू कर दी। बचाव में होमगार्ड भी सख्त हुआ। इसके बाद दोनों युवक गालीगलौज और धमकी देते हुए फरार हो गए। 

बिजली निगम के एमडी आवास पर लगा स्मार्ट मीटर
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार के आवास पर बुधवार को कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगाया। इसके बाद प्रबंध निदेशक को सर्टिफिकेट भी सौंपा गया। स्मार्ट मीटरिंग प्रोजेक्ट के तहत अब तक पूर्वांचल डिस्कॉम में 25,134 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगवाया है।

21 जिलों में कुल 73 लाख उपभोक्ताओं के पुराने मीटर को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। साथ ही फीडरों, वितरण परिवर्तकों पर भी स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। निगम की ओर से पुराने मीटर को बदलकर नया मीटर निशुल्क लगाया जा रहा है। यह बिजली की खपत को सटीकता से मापने में सक्षम है। इससे उपभोक्ताओं को सही खपत के आधार पर ही बिल मिलेगा। 

खास बात यह है कि उपभोक्ताओं को ऊर्जावान एप पर बिजली के खपत की सही जानकारी भी मिलेगी। उपभोक्ताओं द्वारा सोलर रूफटॉफ प्लांट लगाए जाने की स्थिति में स्मार्ट मीटर को ही नेट-मीटर की तरह उपयोग किया जा सकेगा। पहले की तरह मीटर बदलने की जरूरत नहीं होगी।

खिताब बरकरार रखने उतरेगी काशी रुद्रा
वाराणसी। यूपी टी-20 के दूसरे सीजन का 25 अगस्त से आगाज होने जा रहा है। पहले सीजन की विजेता टीम काशी रुद्रा के खिलाड़ियों ने बुधवार को वाराणसी का दौरा किया। टीम के कप्तान करण शर्मा, शिवम मावी और अटल बिहारी पत्रकारों से मुखातिब हुए। 

खिलाड़ियों ने कहा कि यूपी टी-20 शुरू होने से पूर्व वे बाबा भोलेनाथ और काशी की जनता का आशीर्वाद लेने आए हैं। टीम ने काशी विश्वनाथ धाम, बीएचयू के श्री विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद अस्सी घाट का भ्रमण किया। कप्तान ने कहा कि उनकी टीम पिछली बार का खिताब बरकरार रखना चाहेगी। रणनीति पर काम किया जा रहा है। 

टीम मैनेजमेंट के गौरव बत्रा और यूपीसीए के डायरेक्टर रियासत और जावेद अख्तर ने भी विचार रखे। यूपी टी-20 का आयोजन 14 सितंबर तक होगा। टूर्नामेंट में छह प्रतिस्पर्धी टीमें शामिल हो रही हैं। इनमें मेरठ मावेरिक्स, नोएडा किंग्स, कानपुर सुपरस्टार, गोरखपुर लायंस, काशी रुद्राज और लखनऊ फाल्कंस शामिल हैं।

बाबा विश्वनाथ का होगा तिरंगा शृंगार
स्वतंत्रता दिवस पर बाबा विश्वनाथ के धाम में विशेष सजावट की जाएगी। इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ का तिरंगा शृंगार होगा। धाम के प्रवेश द्वार और कारिडोर में स्थापित भारत माता की प्रतिमा को फूल और तिरंगा से सजाया जाएगा। राष्ट्र की संप्रभुता, अखंडता, एकता एवं शांति के लिए विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया जाएगा। ध्वजारोहण कार्यक्रम श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित नीलकंठ भवन (प्रशासनिक भवन) पर समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में होगा। 

स्वतंत्रता दिवस पर बीएचयू में होगी मिनी मैराथन
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान संकाय स्थित विद्यार्थी नेतृत्व और जीवन कौशल विकास पहल की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर मिनी मैराथन होगा। सुबह 10.30 बजे से ‘रन फॉर बीएचयू-सेलिब्रेटिंग रेडिएंट, अनपैरेल्ड एंड नेशनलिस्ट कैरेक्टर ऑफ बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी’ विषय पर मैराथन कला संकाय के द्वार से सिंह द्वार लंका तक जाएगी। वापस श्री विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। इसका उद्देश्य देश के स्वतंत्रता संग्राम में बीएचयू के योगदान को याद करना और विद्यार्थियों को गौरवपूर्ण विरासत से अवगत कराना है। 

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गूंजे देशभक्ति गीत
बीएचयू के मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र के अंतर सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र और संगीत एवं मंच कला संकाय के तत्वावधान में महामना सभागार में संगीत संध्या का आयोजन किया गया। 

इस दौरान संगीत एवं मंच कला संकाय की अलंकृता रॉय, शामयिता पांजा, बालूका बेला, श्रेया पांडेय, बालेश्वरी बेहरा, अनामिका मिश्रा, वसुधा दीक्षित, वी. श्रीदेवी, शरवानी, भूमिका रक्षित, कंचन प्रजापति, सौम्या श्रीवास्तव, मोहित साहनी, उज्जवल साहनी, ईशान घोष, अक्षय प्रताप सिंह, सौरभ तिवारी, रोहित कुमार आदि ने देशभक्ति गीत, लोकगीत, कजरी आदि की प्रस्तुति दी। स्वागत केंद्र के समन्वयक प्रो. संजय कुमार ने किया। 

धन्यवाद ज्ञापन संगीत एवं मंच कला संकाय के डॉ. रमाशंकर ने किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के सलाहकार आरपी मल्होत्रा, प्रो. राजकुमार, प्रो. संगीता पंडित, प्रो. अर्चना कुमार, डॉ. ज्ञानेश पांडेय, डॉ. उषा त्रिपाठी, डॉ. धर्मजंग, डॉ. राजीव वर्मा आदि उपस्थित थे। 

लायंस क्लब काशी के अध्यक्ष बने असीम वर्मा
लायंस क्लब काशी के असीम वर्मा अध्यक्ष चुन गए। वहीं उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार और कोषाध्यक्ष पंकज मौर्या चुने गए। बैठक में अनिल वर्मा, वीपी श्रीवास्तव, अलंकार कुशवाहा, विपिन अग्रवाल, मुकुल गुप्ता, राम मोहन गुप्ता, संजय बरनवाल, वसंत लाल आदि रहे। 

विरासत वन वाटिका में लगाए सौ पौधे
वन विभाग ने बुधवार को गद्दोपुर गौशाला परिसर में विरासत वृक्ष वाटिका की स्थापना की। मुख्य अतिथि मुख्य वन संरक्षक दक्षिणी क्षेत्र प्रयागराज के श्रेयर्स नारायण मिश्र ने एक पौधा मां के नाम लगाकर शुरुआत की। इसके बाद शीशम, सागौन, जामुन, बरगद, पीपल आदि के 100 पौधे लगए गए। मंडल के वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह, प्रभागीय वन अधिकारी स्वाति, उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार आदि रहे। 

अरविंद के 152वें जन्मदिवस पर संगोष्ठी
अरविंद सोसाइटी पुद्दूचेरी की वाराणसी शाखा की ओर से आर्य महिला पीजी कॉलेज में अरविंद के 152वें जन्मदिवस पर आयोजित संगोष्ठी के समापन पर बुधवार को वक्ताओं ने विचार रखे। छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने शोध पत्र का वाचन किया। 

मुख्य वक्ता प्रो. कल्याण घड़ेई ने छात्राओं को स्ट्रेस मैनेजमेंट के बारे में बताया। प्रो. गरिमा उपाध्याय ने अरविंद के दर्शन पर विचार रखे। इस दौरान डॉ. गोपी वल्लभ पाटीदार, डॉ. स्वपना बांधोपाध्याय, प्रो. बिंदु लाहिड़ी, डॉ. मंजू मेहरोत्रा, डॉ. एकता गुप्ता मौजूद रहीं। 

फ्लाई कार्यक्रम की दी जानकारी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में आठ अगस्त से आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम का बुधवार को समापन हो गया। मुख्य वक्ता सीएमआई की रिसोर्स पर्सन रश्मि कक्कड़ ने नव प्रवेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए फाइंडिंग लीडर इन यू (एफएलवाई) कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों, संवाद और सत्रों के माध्यम से कुशल नेतृत्व के लिए क्षमता विकसित की जाती है। संकाय प्रमुख प्रो. अंजलि वाजपेयी ने स्वागत किया। संचालन डॉ. आरती मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. योगेंद्र पांडे ने किया। 

स्वतंत्रता दिवस पर वाहन प्रवेश पर प्रतिबंध नहीं
पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर काशी विद्यापीठ परिसर में प्रत्येक माह की 15 तारीख को रहने वाला वाहन प्रवेश पर प्रतिबंध इस बार स्वतंत्रता दिवस पर स्थगित रहेगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में 15 अगस्त को ध्वजारोहण के दृष्टिगत कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार परिसर में वाहन प्रवेश प्रतिबंध स्थगित कर दिया गया है। परिसर में वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। 

मेरीडियन कॉलेज के छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा
मेरीडियन नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को तिरंगा यात्रा रैली निकाली। विद्यालय से निकली रैली चिरईगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लोगों को तिरंगा भेंट कर स्वतंत्रता दिवस का महत्व समझाया। 

विद्यार्थियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प विकसित भारत को साकार करने के लिए एकजुट होना होगा। इस मौके पर निदेशक डॉ. पीयूष यादव, डॉ. ललित यादव, विवेक यादव, प्रिया यादव, उप प्रधानाचार्य चंद्रशेखर आदि उपस्थित रहे।

मैंने सूरज के तन पर तिरंगा लिखा...
दीनदयाल हस्तकला संकुल में बुधवार को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कवि सम्मेलन में कवि रुद्र नाथ त्रिपाठी पुंज, प्रियंका अग्निहोत्री गीत, डॉ. अलका दुबे, चेतना तिवारी, डॉ. नागेश शांडिल्य ने काव्य पाठ किया। 

अध्यक्षता सूर्य प्रकाश मिश्र ने की। कार्यक्रम का आरंभ ये तिरंगा यूं ही फहरे, आज हमारा कल हमारा से... हुआ। इसके बाद है वो सरहद अवध धाम मेरा और मैंने सूरज के तन पर तिरंगा लिखा..., अंत में जो जिये और मरे वतन के लिए... से कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम समन्वय डॉ. रत्नेश वर्मा और संचालन नागेश शांडिल्य ने किया। स्वागत गोपेश मौर्य और कलाकारों को प्रमाण पत्र हस्तकला संकुल के अजय श्रीवास्तव ने दिया। 

वैश्य सम्मेलन में काशी से रविंद्र को सांसद बनाने की मांग
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय अधिवेशन में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल को काशी से सांसद बनाने की मांग उठी। बुधवार को नाटी इमली स्थित कान्यकुब्ज वैश्य सभागार में दो दिवसीय सम्मेलन के स्वागत समारोह के दौरान वैश्य सभा के प्रस्ताव में काशी से राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल को काशी से सांसद बनाने की मांग उठाई गई। मंच संचालक ने कहा कि भाजपा काशी से अगली बार राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल को सांसद बनाया जाए। उन्होंने हाथ जोड़कर इस घोषणा को वापस लेने की बात कही।

जगतपुर इंटर काॅलेज और कर्दमेश्वर महादेव पूर्वी कंदवा विजयी
रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान पर बुधवार को बच्छाव जोन की फुटबॉल प्रतियोगिता में जगतपुर इंटर कॉलेज और कर्दमेश्वर महादेव पूर्वी की टीमें विजयी रहीं। उद्घाटन प्रधानाचार्य विपिन चंद्र राय ने बच्चों से परिचय प्राप्त कर किया। चयनित टीम 17 अगस्त को उदय प्रताप इंटर कॉलेज में होने वाली जनपद स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलेगी।

14 वर्षीय बालक वर्ग में कर्दमेश्वर महादेव पूर्वी (कंदवा) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 17 वर्षीय बालक वर्ग में जगतपुर इंटर कॉलेज जगतपुर के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। जगतपुर इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक डॉ. जगजीत सिंह और खेल शिक्षिका सुशीला सिंह, पूर्व जनपदीय सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह, संजय सिंह, विनोद कुमार सिंह, अरविंद श्रीवास्तव, शिवेंद्र दुबे उपस्थित रहे। 

चित्रकला में आराध्या और गरिमा रहीं विजेता
वाराणसी विकास प्राधिकरण की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकास इंटरमीडिएट काॅलेज और सुधाकर महिला डिग्री इंटर कॉलेज में शहरी विकास पर चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई। 

इसमें काॅलेज से आराध्या यादव प्रथम स्थान, प्रियांशी गुप्ता द्वितीय और प्रतिभा पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुधाकर महिला डिग्री इंटर काॅलेज से गरिमा गुप्ता प्रथम, अक्षिता द्वितीय और श्रिधी वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। 

आज आएंगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को वाराणसी पहुंचेंगे। भाजपा मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि भाजपा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा निकालेगी। सुबह 10 बजे से महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर से यात्रा निकलेगी। डिप्टी सीएम इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा लहुराबीर होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय गेट तक पहुंचेगी। 

अकासा की फ्लाइट 3.40 मिनट देरी से पहुंची
बंगलूरू से आने वाला अकासा एयर का विमान बुधवार को लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी से रात 10.40 बजे पहुंचा। इस दौरान यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। अकासा विमान क्यूपी 1491 बंगलूरू एयरपोर्ट से शाम 5.05 बजे उड़ान भरकर वाराणसी एयरपोर्ट पर रात 7 बजे पहुंचता है, लेकिन विमान ऑपरेशनल कारणों के चलते 3 घंटे 40 मिनट की देरी से रात 10.40 बजे पहुंचा। 

important news in one click of varanasi People protesting threatened bulldozers roared three shops
लहरतारा-बौलिया मार्ग पर भी लगा जाम। - फोटो : अमर उजाला

दूसरे दिन भी पूरे दिन जाम की चपेट में रहा मंडुवाडीह-लहरतारा मार्ग
मंडुवाडीह चौराहे पर ढहाए गए अतिक्रमण के मलबे के चलते बुधवार को भी जाम लगा। इस बीच जाम बढ़ता देख यातायात पुलिस ने शाम के समय चौराहे पर यू टर्न व्यवस्था को भी हटा दिया। इससे और जाम लोगों को झेलना पड़ा। देर शाम लगभग तीन घंटे बाद पुन: यूटर्न व्यवस्था बहाल हुई।

मंडुवाडीह पुलिस और यातायात पुलिस कर्मी दिन भर जाम छुड़ाने में परेशान रहे। मंडुवाडीह चौराहा से बनारस स्टेशन तक लगे लंबा जाम के चलते लोग हांफ गए। लहरतारा मार्ग और महमूरगंज फ्लाईओवर भी शाम के समय जाम की चपेट में रहा। इससे बनारस रेलवे स्टेशन आवाजाही करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

मंडुवाडीह मार्ग पर जाम के चलते वाहनों का दबाव लहरतारा-बौलिया तिराहा मार्ग पर बढ़ गया। इससे दोपहर से लेकर शाम तक बौलिया तिराहा जाम की चपेट में रहा। लहरतारा की ओर से बौलिया जाने वाले वाहनों और महेशपुर से बौलिया जाने वाले राहगीरों को 30 से 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। 

चांदपुर के अभिषेक मिश्रा ने बताया कि बौलिया तिराहे पर अतिक्रमण हटाए जाने की जरूरत है। बड़ी बसें तिराहे से फुलवरिया फोरलेन की ओर घूमती है तो फिर पीछे वाहनों की कतार लग जाती है। तिराहे को और चौड़ा किए जाने की जरूरत है।

important news in one click of varanasi People protesting threatened bulldozers roared three shops
मां कूष्मांडा का दर्शन पाकर निहाल हुए भक्त। - फोटो : अमर उजाला

मां कूष्मांडा का हुआ चूड़ियों से शृंगार
सावन मास में दुर्गाकुंड स्थित मां कूष्मांडा देवी का बुधवार को चूड़ियों से शृंगार हुआ। मां की झांकी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी थी। आकर्षक सजावट की गई थी। पंडित ऋषभ दुबे के आचार्यत्व में शृंगार हुआ। माता का विविध सुगंधित फूलों व हजारों रंगबिरंगे चूड़ियों से शृंगार हुआ। पूजन अर्चन के बाद भक्तों ने मां की झांकी के दर्शन कर निहाल हुए।

बिना नोटिस के ध्वस्तीकरण का व्यापारियों ने किया विरोध
चांदमारी में बिना किसी नोटिस के दुकानें ढहाए जाने के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। नटिनिया दाई चांदमारी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सड़क किनारे विरोध जताया।

व्यापारी संजय सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक व राज्यमंत्री अनिल राजभर ने आश्वस्त किया था कि जांच के बाद ही कोई कार्रवाई होगी। मगर, वीडीए ने बिना किसी नोटिस के दुकानें ढहा दीं।व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन पर वीडीए सचिव ने आश्वस्त किया कि 16 अगस्त के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा।



व्यापारी जयप्रकाश राजभर ने कहा कि बिना नोटिस के दुकान और टिन शेड ध्वस्त किया गया। ज्ञान प्रकाश राजभर ने अपनी पैतृक संपत्ति बताते हुए कहा कि 1995 में संकल्प पत्र 13 में 33 डिसमिल जमीन समझौते में छोड़ा गया था। जिसका डेवलपमेन्ट चार्ज जमा कराया गया था। विरोध प्रदर्शन में शीतला, राजू राय, मिथिलेश कुमार, प्रवेश कुमार आदि रहे।

पूर्व महामंत्री को दी श्रद्धांजलि
सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री राजेश कुमार पांडेय के निधन पर बार और बेंच की तरफ से जिला जज संजीव पांडेय की कोर्ट में फूल कोर्ट रिफ्रेन्स का आयोजन कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान जिला जज संजीव पांडेय, सेंट्रल व बनारस बार के अध्यक्षगण मुरलीधर सिंह व अवधेश सिंह व महामंत्री गण सुरेन्द्र पांडेय व कमलेश सिंह यादव आदि अधिवक्ताओं श्रद्धांजलि दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed