गाजीपुर में प्रधानपति की गिरफ्तारी पर हंगामा, पुलिस की गाड़ी को नहर में पलटा, ट्रेन रोकी
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में प्रधानपति की गिरफ्तारी पर हंगामा मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया और पुलिस वाहन पर पथराव करते हुए उसे नहर में पलट दिया।
जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया गांव में पुलिस एक पुराने गैंगस्टर के मामले में उसिया ग्राम प्रधान युसूफ खान को गिरफ्तार करने पहुंची। इस बीच डायल 100 की पुलिस को स्थानीय लोगों ने रोका। लोगों ने कहा कि प्रधानपति रोजा से है इसलिए आप उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकते।
थोड़ी ही देर में विवाद इस कदर बढ़ गया कि भीड़ आक्रामक हो गई और पुलिस वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। जिससे पुलिस जीप के शीशे टूट गए। लोगों ने पुलिस जीप को एक सूखी नहर में पलट दिया। पुलिस किसी तरह वहां से जान बचा कर भागी।
इतना ही नहीं आक्रोशित लोगों ने रेलवे ट्रैक भी जाम कर दिया, जिसके कारण ट्रेन आधे घंटे तक ट्रैक पर ही खड़ी रही। बाद में जिले के अन्य क्षेत्रों से पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। इसके बाद हालात को नियंत्रण में लेने की कवायद शुरू हुई।
थानाध्यक्ष दिलदारनगर ने बताया कि आरोपी युसूफ खान को गिरफ्तार कर लिया गया था और लोगों को शांत करने की कवायद की जा रही थी। जनदबाव के चलते हमें आरोपी को छोड़ना पड़ा। थानाध्यक्ष ने कबूल किया कि भीड़ द्वारा किए गए पथराव में जहां यूपी 100 की गाड़ी के शीशे टूटे हैं वहीं लोगों ने ट्रेन रोककर भी प्रदर्शन किया है।