Varanasi News: कर्तव्य और निष्ठा की शपथ के साथ सैकड़ों रिक्रूट आरक्षी बने यूपी पीएसी का हिस्सा
वाराणसी पूर्वांचल में मंगलवार को विभिन्न जिलों की पुलिस लाइन में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद सैकड़ों रिक्रूट आरक्षी यूपी पीएसी में शामिल हो गए। डीआईजी अखिलेश कुमार ने सलामी ली और बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिक्रूटों को सम्मानित किया।
विस्तार
वाराणसी पूर्वांचल में मंगलवार को विभिन्न जिलों की पुलिस लाइन में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद सैकड़ों रिक्रूट आरक्षी यूपी पीएसी में शामिल हो गए। उन्हें पुलिस अधिकारियों ने कर्तव्य व निष्ठा की शपथ दिलाई। आजमगढ़ में डीआईजी अखिलेश कुमार ने सलामी ली और बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिक्रूटों को सम्मानित किया।
पुलिस लाइन में जेटीसी वाहिनी पीएसी गोरखपुर से आए 192 रिक्रूटो को आधारभूत प्रशिक्षण दिया जा रहा था। 13 जनवरी 2022 से शुरू हुए छह का प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को भव्य दीक्षांत परेड के साथ संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में इन रिक्रूटों को छह माह का अंतः कक्षीय व बाह्य कक्षीय विषयों का गहन अनुशासित प्रशिक्षण दिया गया।
बलिया में एसपी ने आरक्षियों को शपथ दिलाई। मिर्जापुर में कमिश्नर योगश्वर ने परेड की सलामी ली। भदोही में पुलिस महानिदेशक के सत्यनारायण ने अनुशासन की सीख दी। सोनभद्र में एसपी यशवीर सिंह ने परेड की सलामी ली और पुलिसिंग की बारीकियों से अवगत कराया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में रिक्रूट आरक्षियों को सामाजिक बुराईयों से दूर रहने, सदैव अनुशासित रहने व जीवन पथ पर आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं भी दीं।
इसके साथ ही आंतरिक व बाह्य परीक्षा में प्राप्तांकों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ रिक्रूटों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए। आजमगढ़ में प्रथम परेड कमांडर राकेश गुप्ता, द्वितीय परेड कमांडर मो. दिलनवाज व तृतीय परेड कमांडर आकाश भारती को डीआईजी ने सम्मानित किया। इसके अलावा प्रदुम्न चौरसिया, आकाश कुमार गौंड, ओमप्रकाश यादव, हिदायतुल्ला, ओम प्रकाश, इंद्रजीत सिंह, राकेश कुमार सिंह, सीमा भारती, मो. आरिफ नसीम आदि शामिल रहे।