UP: हिस्ट्रीशीटर ने फंदा लगाकर दी जान, पिता का आरोप- पुलिस की छानबीन से तनाव में था अनिल; जानें पूरा मामला
Varanasi News: वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अनिल यादव उर्फ पट्टी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हत्या, लूट समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमों के आरोपी अनिल पर कभी 50 हजार का इनाम भी घोषित था। परिजनों ने जिला बदरी के बाद पुलिस की कार्रवाई से तनाव में होने की बात कही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi Crime: लक्सा थाने के हिस्ट्रीशीटर अनिल यादव उर्फ पट्टी (35) ने शनिवार की देर रात कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर रविवार की सुबह पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने उसे दो महीने के लिए जिलाबदर घोषित किया था। अनिल पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस की छानबीन में सामने आया कि अनिल यादव घरेलू कलह और आर्थिक तंगी से परेशान था। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी मांगने सहित अन्य आरोपों में 27 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
लक्सा थाने की पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोली थी। हिस्ट्रीशीट की संख्या 38ए है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि औरंगाबाद निवासी अनिल यादव शनिवार की रात 2 बजे के बाद घर पहुंचा। पत्नी खाना लेकर उसके कमरे में गई लेकिन अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सुबह कमरा खुलवाने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह पंखे की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका था। अनिल के भाई संतोष यादव और पिता पनारू यादव ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इससे वह तनाव में था।
अनिल आपराधिक छवि का था। हिस्ट्रीशीटर थाने में आकर हाजिरी लगाते हैं। वह भी लगाता था। पारिवारिक परेशानियों की वजह से कुछ दिनों से तनाव में था। आर्थिक स्थिति भी खराब हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। - राजू कुमार, थाना प्रभारी, लक्सा
काशी विद्यापीठ के छात्र की हत्या में आया था नाम
पुलिस के मुताबिक 13 साल पहले सिगरा थाना क्षेत्र के सिद्धगिरीबाग में विद्यापीठ के छात्र की हत्या के मामले में अनिल यादव का नाम सामने आया था। आरोप था कि अनिल ने छात्र के चेहरे पर पटिया पटक दी थी। लूट, रंगदारी, मारपीट और अन्य कई आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आया था।