भाजपा विधायक, उसके बेटों और भतीजों पर यौन शोषण का आरोप, पीड़िता के दर्ज किए बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही जिले के ज्ञानपुर से भाजपा विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी एवं उनके परिवार वालों पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला का सोमवार को पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने बयान दर्ज किए। महिला ने कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री से गुहार लगाएगी।
करीब एक सप्ताह पहले वाराणसी की एक विधवा महिला ने भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, उनके बेटों और भतीजों पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसको लेकर जिले की सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। एसपी ने मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंप दी है।
शुरुआती जांच में भदोही के एक होटल के अभिलेख खंगाले गए थे। महिला थाने की पुलिस ने वाराणसी जाकर पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया था। महिला के साथ कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस ने उसकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
मामले की जांच से जुड़ी जानकारी के लिए सोमवार को पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने महिला को एसपी कार्यालय बुलाया। करीब एक घंटे तक एसपी ने पीड़ित महिला से बातचीत की और उसका बयान दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में कुछ बातें उनको खटक रही थीं। इसीलिए उन्होंने महिला को बुलाया था। जल्द मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, पीड़ित महिला ने कहा कि जांच में किसी आरोपी का नाम कटा तो वह चुप नहीं बैठेगी। मामले को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक जाएगी।