बीएचयू के छात्र को पत्नी ने जन्मदिन पर दिया चांद पर जमीन का तोहफा, पांच हजार रुपये में ही मिल गई एक एकड़ भूमि
मृत्युंजय सिंह ने बताया कि अगर कोई चांद पर जमीन की रजिस्ट्री कराना चाहता है तो उसे वेबसाइट पर सभी जानकारियां आसानी से मिल जाती हैं।
विस्तार
जन्मदिन पर कोई अपने प्रियजनों को फूलों का गुलदस्ता तो कोई सोने का हार देता है। एक पत्नी ने अपने पति के जन्मदिन के तोहफे के रूप में उन्हें चांद पर जमीन का तोहफा दिया है। आईएमएस बीएचयू के फोरेंसिक विभाग में छात्र मृत्युंजय भी अपनी पत्नी से पांच हजार रुपये में चांद पर एक एकड़ जमीन का उपहार पाकर बहुत खुश हैं।
उनका कहना है कि चांद पर उनकी जमीन जिस क्षेत्र में हैं, वह बहुत ही पॉश इलाका है। मृत्युंजय सिंह का जन्मदिन 27 फरवरी को है। उनको चांद पर जमीन का तोहफा देने वाली उनकी पत्नी धारणा सिंह भी बीएचयू की छात्रा रही हैं।
मृत्युंजय ने बताया कि पत्नी ने कुछ दिन पहले ही इस जमीन की रजिस्ट्री के बारे में उनसे जानकारी ली थी लेकिन यह नहीं पता था कि उनके लिए ही जमीन खरीदी जा रही है। बताया कि चांद पर जमीन भी लेक आफ ड्रीम्स क्षेत्र में आवंटित की गई है। जन्म दिन के पहले ही मृत्युंजय के पास जमीन के रजिस्ट्री के कागजात भी आ गए हैं।
मृत्युंजय ने बताया कि पत्नी से पूछने पर पता चला कि उन्होंने इस जमीन को करीब तीन माह पहले ही बुक करा लिया था लेकिन औपचारिकताओं के पूरा करने में समय लग गया। लूना सोसायटी इंटरनेशनल ने उनकी जमीन को उनके नाम से रजिस्टर्ड किया है। इसका कागज भी उनके पास आ गया है।
वेबसाइट पर मिलती है जानकारी
मृत्युंजय ने बताया कि अगर कोई चांद पर जमीन की रजिस्ट्री कराना चाहता है तो उसे वेबसाइट पर सभी जानकारियां आसानी से मिल जाती हैं। लूना सोसायटी इंटरनेशनल की वेबसाइट पर जाकर इस बारे में जानकारी मिलेगी। इसके बाद जो भी औपचारिकताएं हैं, उसको पूरा कराकर चांद पर जमीन की रजिस्ट्री कराई जा सकती है।