Ghazipur Corona Updates: एसपी आवास के 10 सिपाहियों समेत 73 मिले कोरोना पॉजिटिव, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजीपुर पुलिस अधीक्षक आवास पर तैनात 10 सिपाहियों समेत 73 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें शनिवार की देर रात पुलिस लाइन के 13 सिपाही सहित 17 संक्रमित भी शामिल हैं। जबकि रविवार की रात साढ़े नौ बजे और 56 लोगों के पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य और पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इसके साथ ही बीएचयू में भर्ती कोरोना संक्रमित किडनी के मरीज की मौत हो गई है।
उधर, संक्रमण पर रोक लगाने के लिए किए जा रहे सारे प्रयास अभी तक कारगर साबित नहीं हो रहे हैं। रविवार को कोविड केयर सेंटर में भर्ती 26 मरीज स्वस्थ होकर घर पहुंच गए हैं। अब मेडिकल टीम इन्हें ट्रेस कर लक्षण रहित और लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार करने के बाद इन्हें होम आइसोलेशन और कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराने में जुटा है।
जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 1646 तक पहुंच चुकी है, जबकि 671 स्वस्थ हो चुके हैं और अब तक 13 की मौत हो गई है। जबकि एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 962 पर पहुंची है। कोरोना के बढ़ते आंकड़े से स्वास्थ्य विभाग भी कम परेशान नहीं है। देखा जाए तो जनपद में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
लगातार पुलिस लाइन में कोरोना संक्रमित मिलने से पुलिस महकमे में भी अफरा-तफरी मची हुई है। मरीजों के दिन पर दिन बढ़ती संख्या से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार के देर रात आई रिपोर्ट में पुलिस लाइन के 13 सिपाही संक्रमित मिले हैं। बरेसर थाने की एक महिला पुलिस कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
अब संक्रमितों से मिलने वालों की भी सूची अलग से तैयार की जा रही है। इसी क्रम में कासिमाबाद में दो, मारकीन गंज मोहल्ले में एक मरीज संक्रमित पाया गया है। वही, देर शाम साढ़े नौ बजे आई रिपोर्ट में एसपी आवास के 10, सदर कोतवाली एक, पीरनगर एक, गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन एक, ददरी घाट एक, कैथवलियां एक, सीआईएसएफ यूनिट में एक, जेवलपुर एक, मरदह के नोनहरा गांव में सात, सोनबरसा दो, पुलिस लाइन सदर में छह, गोविंदपुर जखनियां एक, बंजारीपुर एक, जखनियां एक, लौहारपुर का एक कर्मचारी, खजुरिया एक, ओरिएंटल कालेज एक, सिहोरी एक, बेलहरी एक, लखनचनपुर दो, भीमापार एक, मुहम्मदाबाद एलआईसी एक, वालग्रीन हास्पिटल सैदपुर एक, जमानिया एक और सैदपुर में एक कोरोना संक्रमित मरीज मिला।
अब मेडिकल टीम इन्हें ट्रेस करके लक्षण रहित और लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार करने में जुटी हुई है, जिसे तैयार करके एसडीएम के पास भेजा जाएगा। जहां उनके द्वारा लिए गए निर्णय के बाद ही संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेशन की सुविधा मिलेगी।
महामारी के नोडल उमेश कुमार ने बताया कि देर रात 17 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रविवार की देर शाम 56 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। कुल मिलाकर 73 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मनिहारी ब्लॉक के मलिकपुरा गांव निवासी कोरोना संक्रमित की बीएचयू में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।