दुश्वारियां: वाराणसी में बढ़ने लगा जलस्तर, लोग पलायन की करने लगे तैयारी
वाराणसी में गंगा अब धीरे-धीरे अपना रौद्र स्वरूप दिखाने लगी हैं। मंगलवार को गंगा का पानी लंका के मलहिया इलाके में स्थित मारुति नगर कॉलोनी में घुसने लगा है। नाले के जरिए गंगा का पानी कॉलोनी में भरने के कारण 60 से अधिक परिवार पलायन की स्थिति में आ गए हैं।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार की रात 9 बजे गंगा का जलस्तर 64.06 मीटर पर स्थिर बना हुआ था। मंगलवार को मारुति नगर कॉलोनी के इर्द-गिर्द स्थित नालों के जरिए गंगा का पानी घुसने लगा।
पुरी कॉलोनी में पानी फैल गया है। पानी भरने की वजह से कॉलोनी में रहने वाले अब अपने सामानों को घर के दूसरे फ्लोर पर शिफ्ट करने के साथ ही घर को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने की तैयारी में भी जुट गए हैं।
इस कॉलोनी में रहने वाले जितेंद्र प्रसाद, राजकुमार साहू, नरेंद्र तिवारी, बबुआ यादव, अमित सिंह ने बताया कि गंगा में पानी बढ़ने के कारण नाला पानी को खींच नहीं रहा है, इस कारण पानी भरकर लोगों के घरों तक पहुंच गया है। इसके पहले गंगा का जलस्तर बढने से गंगा के घाटों का संपर्क समाप्त हो चुका है।
वहीं नाविकों ने भी अपनी नावें खड़ी कर दी हैं। घटने के बाद सोमवार की रात से गंगा में बढ़ाव शुरू हो गया था लेकिन मंगलवार की दोपहर से गंगा का जलस्तर स्थिर बना हुआ है।