बनारस में बाढ़, PM Modi को चिंता: प्रधानमंत्री ने मंडलायुक्त से की बात, बोले- सहायता के लिए सीधे मुझसे कहें
वाराणसी में चेतावनी के निशान से ऊपर बह रही गंगा का जलस्तर अब लाल खतरे की तरफ बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंडलायुक्त से फोन पर बातकर ताजा स्थिति की जानकारी ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आई बाढ़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चिंतित हैं और पीएमओ भी अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को पीएम ने फोन के जरिए अधिकारियों से बाढ़ की स्थितियों के बारे में जानकारी ली। पीएम ने मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल से बात कर गंगा और वरुणा नदी में बढ़ते जलस्तर और उसकी वजह से लोगों के विस्थापन पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने अधिकारियों को लोगों की सभी संभव सहायता त्वरित रूप से करने के लिए कहा। पीएम ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी विशेष सहायता की आवश्यकता महसूस हो तो उन्हें सीधे अवगत कराएं। मंडलायुक्त ने उन्हें पिछले दिनों से लगातार बढ़ते नदियों के जल स्तर से, राहत शिविरों की व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों के लोगों की सुरक्षा की कामना की। बता दें कि बनारस में चेतावनी बिंदु पार करने के बाद गंगा लाल निशान की ओर बढ़ने लगी हैं। बाढ़ चौकियों को सक्रिय करने के साथ ही कंट्रोल रूम से बाढ़ की निगरानी की जा रही है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 70.44 मीटर तक पहुंच गया था, जो चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर से 18 सेंटीमीटर ऊपर है। बलिया में लाल निशान से ऊपर बह रही गंगा का पानी पांच सेमी प्रति घंटे बढ़ रहा है। मिर्जापुर में तीन सेमी प्रति घंटे बढ़ रही गंगा चेतावनी बिंदु 76.724 मीटर के करीब 76.18 मीटर पर पहुंच गई हैं। गाजीपुर में गंगा दो सेमी प्रति घंटे बढ़ रही हैं। जलस्तर चेतावनी बिंदु 61.550 मीटर से ऊपर 62.860 मीटर पर है। भदोही में गंगा 3.3 सेमी प्रति घंटे बढ़ रही हैं। संवाद