ग्रामीणों पर फायरिंग मामले में चार को भेजा जेल, पांचवे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
चंदौली जिले के करी गांव के समीप रविवार की शाम नशे में धुत स्कार्पियों सवार बदमाशों ने ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी थी। इसी मामले सोमवार को पुलिस ने चार आरोपियों को जेल भेज दिया। वहीं पुलिस फरार चल रहे पांचवे आरोपी की तलाश में जुट गई है। घटना में गोली चलने से दो युवक जख्मी हो गए थे।
रविवार की शाम पांच बजे तेज रफ्तार स्कार्पियो करी गांव के समीप अनियंत्रित होकर खेत में चली गई थी। जिसपर ग्रामीणों ने मदद कर स्कार्पियों को वहां से बाहर निकाला। इस बीच स्कार्पियो सवार पांच लोग नशे में धुत थे और ग्रामीणों को ही अपशब्द कहने लगे, इस पर ग्रामीण वहां से हट गए।
इसके बाद जैसे ही स्कार्पियों आगे बढ़ी तभी एक महिला को बचाने के चक्कर में गड्ढे में चली गई। इस पर फिर से ग्रामीण एकत्र हो गए और स्कार्पियो को बाहर निकाला। तभी स्कार्पियों सवार नीचे उतरे और एक बार फिर ग्रामीणों से उलझ गए। इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकाला और ग्रामीणों पर फायर कर दिया।
फायरिंग में करी गांव निवासी विनय यादव (21) व पवन (28) घायल हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बदमाशों की पिटाई कर दी जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज लिया।
पुलिस ने सोमवार को समूदपुर निवासी अजय सिंह, लालू उर्फ राहुल सिंह, सुजित व मारूफपुर निवासी अजय ओझा को जेल भेज दिया। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा जगत राम कन्नौजिया ने बताया फायरिंग के मामले में चार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है वहीं उनके पांचवे साथी की तलाश की जा रही है।