सोनभद्र: साइकिल सवार पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने दाहिने हाथ में मारी गोली
सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मेहुड़ी कला गांव के पास बदमाशों ने पहले लाठी-डंडे से पिटाई की, फिर गोली मार दी। घायल को जिला अस्पताल से प्रारंभिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के सोनभद्र के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मेहुड़ी कला गांव के पास मंगलवार की देर शाम बदमाशों ने साइकिल सवार पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले लाठी-डंडे से पिटाई की। फिर गोली मार दी। उसके दाहिने में गोली लगी है। घायलावस्था में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। हमले में उसके साथी को भी चोट आई। उसने मौके से भागकर खुद को बचाया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सदर कोतवाली के तियरा नायक गांव निवासी राजेश (40) राबर्ट्सगंज नगर में कहीं काम करता है। मंगलवार की देर शाम वह अपने साथी सहजन कला निवासी शिवाजी (45) के साथ घर की ओर जा रहा था। दोनों अलग-अलग साइकिल से थे। मेहुड़ी कला गांव के पास अचानक किसी ने पीछे से उन पर हमला बोल दिया। लाठी से सिर पर प्रहार किया तो राजेश सड़क पर गिर गया। जब तक वह संभलता तब दो-तीन की संख्या में कुछ और लोग आ गए। हमलावरों के साथ राजेश की हाथापाई भी हुई।
तीन गोलियां चलाई, एक हाथ में लगी
आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश ने फायरिंग शुरू की। ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाई। इसमें एक गोली राजेश के दाहिने हाथ में लगी। हमले में शिवाजी को भी चोट आई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तो बदमाश फरार हो गए। आनन-फानन घायल को जिला अस्पताल लाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि सिर पर लाठी या हॉकी और दाहिने हाथ पर गन शॉट के निशान हैं। हालांकि यह एक्सरे से स्पष्ट हो पाएगा। घायल की हालत खतरे से बाहर है। उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। उधर, सीओ सिटी राजकुमार तिवारी ने बताया कि गोली लगने से युवक के घायल होने की सूचना मिली है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।