कोरोना से जंग: वाराणसी में दो माह बाद मिले एक दिन में 100 से कम मरीज, यहां जानें संक्रमण के ताजा आंकड़े
वाराणसी के लिए शुक्रवार का दिन काफी सुकून भरा रहा। बीते 24 घंटे में 6895 सैंपल की रिपोर्ट में 86 नए मरीज मिले। हालांकि इस दौरान तीन लोगों की मौत भी हुई। बता दें कि इसके पहले 31 मार्च को 93 मरीज एक दिन में मिले थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में बीते 24 घंटे में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के कुल 86 नए मामले सामने आए। यह दो माह बाद अब तक का सबसे कम मामला है। यह आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग को राहत देने वाला है। वाराणसी में एक्टिव केस की संख्या भी लगातार गिरावट देखी जा रही है। बता दें कि इसके पहले 31 मार्च को 93 मरीज एक दिन में मिले थे।
शुक्रवार के आंकड़ों के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिले 6895 सैंपल की रिपोर्ट में 86 नए मरीज मिले। वहीं बीते 24 घंटे में तीन मरीजों की मौत भी हुई है। नये मामले में अपना घर आश्रम में तीन, डीएलडब्ल्यू में 3 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही बीएचयू, होमी भाभा कैंसर अस्पताल, मोहाव, विश्वनाथपुर, शिवपुर, राजातालाब, दशाश्वमेध, पहाड़िया, आराजी लाइन समेत अन्य जगहों पर मरीज मिले हैं।
जबकि बीएचयू हॉस्पिटल में भर्ती खुशहाल नगर निवासी 53 वर्षीय पुरुष, पिंडरा निवासी 67 वर्षीय पुरुष के साथ ही ओपल हॉस्पिटल में भर्ती लंका निवासी 45 वर्षीय महिला की मौत हुई है। शुक्रवार को 191 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया और अस्पताल से 50 मरीज डिस्चार्ज किए गए। अब कुल 81561 मरीजों में 79317 डिस्चार्ज,746 की मौत के बाद 1498 एक्टिव मरीज हैं।
बारिश भी डिगा नहीं सकी टीकाकरण के लिए उत्साह
वाराणसी में कोरोना टीकाकरण को लेकर लोगों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह बारिश के बाद भी टीकाकरण केंद्रों पर लोग पूरे उत्साह के साथ टीका लगवाने पहुंचे। शहरी और ग्रामीण इलाकों में कुल 11,716 लोगों का टीकाकरण हुआ। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 18 से 44 साल वाले 8,638 लोगों को टीका लगाया गया जबकि 45 साल ऊपर के 3078 लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर टीकाकरण कराया।
महिला अस्पताल कबीरचौरा समेत कुछ केंद्रों पर सर्वर धीमा चलने से थोड़ी परेशानी हुई और लोगों को इंतजार करना पड़ा। दोपहर में महिला अस्पताल में लोगों की लाइन लगी रही। शुक्रवार की रात 8 बजे से ही 18 से 44 साल वालों के लिए को वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया और लोगों ने 17 नए टीकाकरण केंद्रों के लिए पंजीकरण करवाया।
सीएमओ ने बताया कि नए केंद्रों पर 29 मई को टीका लगवाया जा सकता है। बताया कि 1 मई को वैक्सीन की पहली डोज लगवाने वाले 2404 लोगों को कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।
कोविड अस्पतालों में 1923 बेड खाली
वाराणसी के कोविड अस्पतालों में खाली होने वाले बेडों की संख्या अब हर दिन बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को यह संख्या 1923 पहुंच गई। अस्पतालों में 2434 बेड में अब 1923 खाली हैं। केवल 511 पर ही मरीज भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 8 सरकारी और 51 निजी अस्पतालों को कोविड अस्पताल बनाया गया है।
सरकारी अस्पताल में 1033 बेड में से इस समय 754 जबकि निजी अस्पताल में 1401 में से 1179 बेड पर कोई मरीज भर्ती नहीं है। राहत भरी बात यह है कि अब वेंटिलेटर वाले खाली बेड की संख्या भी बढ़कर 555 हो गई है। इसके अलावा ऑक्सीजन वाले 1378 बेड भी खाली हैं।