यूपी: गजराज के गुस्सा होने पर मची अफरा-तफरी, ऑटों को सूंड़ में फंसा कर फेंका
गाजीपुर जिले के दिलदारनगर गांव के पश्चिम तरफ जमानिया को जोड़ने वाले मार्ग पर बुधवार सुबह एक आक्रोशित हाथी ने सड़क किनारे खड़े ऑटो को सूंड़ से उठाकर खेत में फेंक दिया। इससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग अच्छा था कि चालक कूद कर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
इस दौरान चालक को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने महावत और ऑटो चालक के खिलाफ बातचीत कराकर मामले को रफा-दफा करा दिया। इस घटना की लोगों में पूरे दिन चर्चा होती रही।
दिलदारनगर निवासी मोनू(28) अपना ऑटो लेकर गांव के पश्चिम तरफ जमानिया को जोड़ने वाले मार्ग पर सुबह करीब नौ बजे खड़ा था। वह ऑटो में ही बैठा था कि इसी बीच उधर से एक-एक कर तीन हाथी गुजर रहे थे। एक हाथी ऑटो की तरफ जैसे ही बढ़ा, चालक कूद गया।
इससे वह मामूली रूप से घायल हो गया। अभी वह कुछ समझ पाता कि हाथी ने सूंड़ में ऑटो को जकड़ लिया और उठाकर बगल में गेहूं के खेत में फेंक दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हाथी और किसी को नुकसान न पहुंचाए, इस आशंका से लोग इधर-उधर भाग खड़े हुए।
घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। ऑटो चालक ने महावत को रोक लिया। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। बातचीत कर मामले को शांत कराया।