Electricity Crisis: कोटवा में साढ़े नौ घंटे गुल रही बिजली, शहर में लो वोल्टेज की समस्या; कटौती से परेशानी
UP Electricity Crisis: वाराणसी के कोटवा में बिजली कटाैती की समस्या से लोग परेशान रहे। इस कारण पानी की समस्या भी हुई। साथ ही अन्य काम भी नहीं हो सके। शहर में भी बिजली कटाैती की समस्या रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Electricity Crisis in Varanasi: शासन की ओर से सावन में काशी में निर्बाध बिजली मिलने और किसी तरह बिजली कटौती न होने का निर्देश जारी किया गया है। इसके बावजूद भी रोजाना घंटों बिजली कटौती हो रही है।
बुधवार को लोहता के कोटवां फीडर से दोपहर एक बजे ट्रांसफाॅर्मर फ्यूज हुआ, रात साढे 10 बजे करीब साढे नौ घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। बिजली न होने से लोगों को बेहद परेशानी हुई। गर्मी बढ़ने की वजह से लोकल फॉल्ट की समस्या भी देखने को मिल रही है। सड़क खोदाई के काम के चलते भी शटडाउन लिया जा रहा है। शहरी इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या रही।
बीते तीन दिन से बिजली कटौती की समस्याएं अधिक बढ़ गई हैं। बुधवार को दोपहर में कोटवां पोखरी स्थित ट्रांसफाॅर्मर का फ्यूज उड़ने से बिजली गुल हो गई। लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया लेकिन बिजली रात 10 बजे तक नहीं आई। घरों के इन्वर्टर भी बंद पड़ गए। पानी का संकट भी झेलना पड़ा। रामेश्वर क्षेत्र के परसीपुर गांव में भी बिजली की आवाजाही जारी रही।
शहरी इलाके में साकेतनगर काॅलोनी, महेशपुर, भिटारी, चांदपुर, लहरतारा, भोगाबीर, पांडेयमहाल इलाकों में भी लो वोल्टेज के साथ ही कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार रात करीब 9 बजे मेन सप्लाइ लाइन में फाल्ट आने की वजह से महेशपुर, भिटारी, चांदपुर में बिजली कटी रही।
उपभोक्ताओं ने की शिकायत तब हकीकत जानने रात में निकले प्रबंध निदेशक
शहर से लेकर गांव तक बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ता परेशान हो गए हैं। उपभोक्ताओं ने स्थानीय स्तर से लेकर शासन स्तर तक काशी में कटौती, लोकल फाॅल्ट की शिकायत की। बुधवार रात पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार उपकेंद्रों का निरीक्षण करने निकले। रात में करौंदी, शंकुलधारा उपकेंद्र पर पहुंचे शंभू कुमार ने फ्यूज सेट की स्थिति, क्षतिग्रस्त ट्रांसफाॅर्मर, फीडर लोडिंग के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से भी कामकाज के बारे में बात की।
सड़क खोदाई के नाम पर लेने लगे शटडाउन
दो दिन से मंडुवाडीह इलाके में सड़क खोदाई के नाम पर तीन से चार घंटे कटौती रही। हालांकि, कुछ दिन पहले ही शासन ने सावन में निर्बाध बिजली मुहैया करवाने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी कभी नगर निगम तो कभी लोक निर्माण विभाग की ओर से काम करवाने के बहाने बिजली काटी जा रही है। इससे कामकाज प्रभावित होने के साथ ही लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है।
नगर निगम सहित कई विभाग बिना सूचना के सड़क खोदाई कर रहे हैं। अंडरग्राउंड केबल कटने से करंट का खतरा रहता है। ऐसा करने से मना किया गया है। शासन के निर्देश के अनुपालन में बेहतर आपूर्ति मुहैया कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। - राकेश पांडेय, मुख्य अभियंता
चांदपुर फीडर से आज चार घंटे गुल रहेगी बिजली
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की ओर 24 जुलाई को डीपीएच उपकेंद्र से पोषित टाउन तीन और लोहता उपकेंद्र से पोषित चांदपुर फीडर की लाइन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बंद रहेगी। उपखंड अधिकारी रवि आनंद ने बताया कि लोहता फीडर की लाइन भी सुबह 11 से 1 बजे तक भी कुछ कार्य के लिए बंद रहेगी। इस कारण चांदपुर, हरपालपुर, लोहता, सुंदर बिहार कॉलोनी, धामरिया आदि इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।