काशी में दुर्गा पूजा पर लगेंगे 251 पंडाल: पूजा समितियों ने नवरात्र की तैयारियां शुरू कीं, डॉक्टर बन कोरोना रूपी महिषासुर का वध करेंगी मां दुर्गा
नवरात्र पर चिकित्सक बनकर कोरोना रूपी महिषासुर का मां दुर्गा वध करेंगी। सनातन धर्म समिति में सबसे बड़ी प्रतिमा स्थापित होगी। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराते हुए पूजा पंडाल स्थापित कराए जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशी में शक्ति की आराधना का उल्लास नजर आने लगा है। पूजा समितियों ने माता की पूजा के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोरोना संक्रमण के कारण भव्यता तो नहीं रहेगी, लेकिन आयोजन को यादगार बनाने की कोशिश की जा रही है। माता कहीं महल रूपी पंडाल में विराजेंगी तो कहीं अस्पताल में मरीजों को अभयदान देते नजर आएंगी। जिले भर की सबसे बड़ी प्रतिमा सनातन धर्म के मैदान में स्थापित की जाएगी।
अर्दली बाजार स्थित जय माता दी स्पोर्टिंग क्लब के पंडाल को अस्पताल का स्वरूप दिया जा रहा है। मां दुर्गा के हाथों में अस्त्र-शस्त्र की बजाय ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, मास्क, वैक्सीन नजर आएंगी। महिषासुर को कोरोना वायरस व ब्लैक फंगस के रूप में दिखाया जाएगा। भगवान गणेश ऑक्सीजन प्लांट तो कार्तिकेय एंबुलेंस का संचालन करते नजर आएंगे।
अलग-अलग थीम पर बनेंगी मां दुर्गा की प्रतिमा
हर बार अपनी अलग थीम और प्रतिमा के लिए मशहूर सनातन धर्म दुर्गा पूजा समिति नया प्रयोग करने जा रही है। मां दुर्गा की चलायमान प्रतिमा कोरोना रूपी महिषासुर का वध करेगी और मां श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगी। पूरे पूजा पंडाल को कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार ही तैयार कराया जा रहा है। गेट पर श्रद्धालुओं को सैनिटाइजर मिलेगा और बिना मास्क के आने वालों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बोले पूजा समिति-
जय माता दी स्पोर्टिंग क्लब पूजा समिति के सदस्य मिहिर भल्ला ने बताया कि अर्दली बाजार स्थित मां दुर्गा के पंडाल को अस्पताल का स्वरूप दिया गया है। मां एक डॉक्टर के रूप में अपने भक्तों की रक्षा करते नजर आएंगी।
सनातन धर्म पूजा समिति के सदस्य सूरज जायसवाल ने बताया कि सनातन धर्म के पंडाल में जिले की सबसे बड़ी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित होगी। श्रद्धालुओं को पूजा समिति की ओर से मास्क का वितरण किया जाएगा।
काशी जोन में 134 तो वरुणा जोन में 117 पंडाल
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में 251 पूजा पंडाल स्थापित होंगे। काशी जोन में सबसे अधिक 134 तो वरुणा जोन में 117 पंडाल बनाए जा रहे हैं। काशी जोन में सबसे अधिक पूजा पंडाल आदमपुर में और सबसे कम रामनगर में बनेंगे। वहीं, वरुणा जोन में सबसे अधिक सिगरा में और सबसे कम पंडाल लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र में है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराते हुए पूजा पंडाल स्थापित कराए जाएंगे। काशी जोन के आदमपुर में 22, लंका में 21, भेलूपुर में 19, कोतवाली में 18, चौक में 15, दशाश्वमेध में 14, लक्सा में नौ, चितईपुर व रामनगर में आठ-आठ पूजा पंडाल लगेंगे। वरुणा जोन में सिगरा में 22, चेतगंज में 20, कैंट में 17, मंडुवाडीह व सारनाथ में 14-14, शिवपुर में 13, जैतपुरा में 10, लालपुर-पांडेयपुर में सात पंडाल स्थापित होंगे।