डिप्टी सीएम ने महाराष्ट्र के घटनाक्रम पर भाजपा का किया बचाव, बोले- शिवसेना ने की दगाबाजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महाराष्ट्र में सरकार गठन के तरीके पर अपनी सरकार का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कहीं से भाजपा जिम्मेदार नहीं है। इसकी जिम्मेदारी सिर्फ और सिर्फ शिवसेना की है। उसकी दगाबाजी के कारण ही भाजपा को ऐसा कदम उठाना पड़ा।
रविवार को भदोही जिले के महरेव गांव में बने पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक अनुसंधान एवं आरोग्य केंद्र में आयोजित दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होने आए मौर्य कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
केशवप्रसाद मौर्य भी महाराष्ट्र में हुए चुनाव में पार्टी की ओर से प्रचार-प्रसार के लिए भेजे गए थे। इसके बाद सरकार गठन को लेकर उलझी उलझनों को सुलझाने के लिए भी बलिया के राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के साथ ही मौर्य को भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि जनता ने भाजपा और शिवसेना के गठबंधन पर अपना भरोसा जताया, लेकिन शिवसेना ने दगाबाजी कर दी। उसकी दगाबाजी के जवाब में भाजपा को अजीत पवार का साथ लेना पड़ा। इस सवाल के जवाब पर कि बहुमत कैसे साबित होगा, उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि मुझे पूरा भरोसा है बहुमत साबित हो जाएगा।
मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के सवाल पर कहा कि याचिका से राम मंदिर निर्माण पर कोई असर नहीं पड़ेगा। संसद की रक्षा सलाहकार समिति में फारुख अब्दुल्ला और साध्वी प्रज्ञा जैसे दागी नेताओं को शामिल करने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि केवल मुकदमा दर्ज होने से कोई दागी नहीं हो जाता। सभी जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं।
कार्यक्रम में उन्होंने जिले में 2746.74 लाख की लागत से पूरी पांच परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके बाद 46 कार्यों का शिलान्यास भी किया, जिनपर कुल 4072.31 लाख की लागत आएगी।