फिर वीसी आवास में कराया गया डॉ फिरोज खान का साक्षात्कार अंतिम समय में बदली जगह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीएचयू कला संकाय के संस्कृत विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर भी डॉ. फिरोज खान का साक्षात्कार भी आयुर्वेद संकाय जैसा हुआ। पहले सूचना दी गई कि साक्षात्कार होल्कर हाउस में होगा, लेकिन बुधवार को अंतिम समय स्थान बदल दिया गया और डॉ. फिरोज का साक्षात्कार कुलपति आवास में ही कराया गया। वीसी आवास पर साक्षात्कार होने से कई अभ्यर्थी हैरान रहे।
उधर, सुरक्षा के लिहाज से एलडी गेस्ट हाउस के मेन गेट और किनारे वाले गेट को बंद कर सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया था। वीसी आवास गेट और सामने होल्कर हाउस पर भी सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे। संस्कृत विभाग के लिए हुए साक्षात्कार में ओबीसी के तीन पदों के लिए 39 और एसटी के एक पद के लिए 10 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी मेरिट सूची में चार दिसंबर को सुबह 8 बजे से होलकर हाउस में साक्षात्कार होने की सूचना दी गई थी। कई अभ्यर्थी सुबह 6 बजे ही होल्कर हाउस गेट पर पहुंच गए थे। पहले मेरिट सूची के अनुसार कागजातों की जांच हुई, फिर उन्हें होलकर हाउस में बैठाया गया। कुछ देर बाद सभी को कुलपति आवास पर साक्षात्कार होने की सूचना दी गई। साक्षात्कार शुरू होने के कुछ देर बाद डॉ. फिरोज खान पहुंचे और साक्षात्कार दिया। इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। अब सबकी निगाहें परिणाम पर टिकी हैं।
वीसी लॉज, होल्कर हाउस, एलडी गेस्ट हाउस। इन तीनों जगहों में से साक्षात्कार कहां कराए जाएंगे, यह तत्काल परिस्थिति पर निर्भर होता है। नियमानुसार तीनों में किसी भी जगह पर साक्षात्कार कराया जा सकता है।
डॉ. राजेश सिंह, पीआरओ, बीएचयू
नहीं बनी बात, छात्रों का धरना जारी
एसवीडीवी में डॉ. फिरोज की नियुक्ति के विरोध में धरने पर बैठे छात्रों की मांगों पर तीसरे दिन बुधवार को भी बात नहीं बन सकी और उनका धरना जारी रहा। संकाय गेट पर बैठे छात्रों ने बीएचयू प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को जो मांग पत्र दिया गया था, उस पर सही जवाब नहीं दिया जा रहा है। जब तक मांगें मान नहीं ली जाती हैं, तब तक धरना जारी रहेगा।फिरोज के विरोध में पोस्टरवार, नियुक्ति को बताया गलत
डॉ. फिरोज की नियुक्ति के विरोध में कैंपस में पोस्टरवार शुरू हो गया है। छात्रों ने पहले संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के मेन गेट के पास पोस्टर लगाए थे, लेकिन अब भारत कला भवन चौराहे के साथ ही सेंट्रल आफिस जाने वाली सड़क, कला संकाय आदि जगहों पर भी अलग-अलग पोस्टर लगने शुरू हो गए हैं। इसमें संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में डॉ. फिरोज की नियुक्ति को गलत बताया गया है। एक अन्य पोस्टर में ‘संकाय में डॉ. फिरोज का प्रवेश वर्जित है’ लिखा है।