Gyanvapi: वजूखाने के ताले और कपड़े को बदलने की मांग, जिला प्रशासन ने लगाई अजी; सुनवाई 22 अगस्त को
Varanasi News: ज्ञानवापी को लेकर एक नई अर्जी अदालत में दाखिल की गई। जिला प्रशासन ने विशेष अधिवक्ता के माध्यम से वजूखाने के ताले और कपड़े को बदलने की मांग की है।
विस्तार
Gyanvapi News: जिला प्रशासन की तरफ से विशेष अधिवक्ता राजेश मिश्रा ने शुक्रवार को जिला जज जय प्रकाश तिवारी की अदालत में एक नई अर्जी दाखिल की है। इसके जरिये ज्ञानवापी के सील वजूखाने में लगे ताले और उसमें इस्तेमाल कपड़े को बदलने का अनुरोध किया गया है।
जिला प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि ताले और उसके सील में इस्तेमाल कपड़े खराब हो गए हैं। इसे बदलना जरूरी है। अदालत ने मामले में अन्य पक्षकारों को आपत्ति दाखिल करने के लिए समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 22 अगस्त को होगी।
जिला जज जय प्रकाश तिवारी की अदालत में शुक्रवार को शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े मामलों की सुनवाई हुई। अदालत ने मूल वाद में पहले वादी रहे स्वर्गीय हरिहर पांडेय की तीन बेटियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्र, रेनू पांडेय की ओर से दाखिल निगरानी अर्जी पर सुनवाई की।
अगली तारीख को होगी सुनवाई
अदालत ने मूल पत्रावली तलब की और सुनवाई की अगली तिथि 18 अगस्त तय कर दी। मणिकुंतला, नीलिमा, रेनू ने हरिहर पांडेय की जगह खुद को वारिसान के रूप में प्रतिस्थापित करने की अर्जी लोअर कोर्ट में दाखिल की थी जिसे कोर्ट ने नाॅट प्रेस कर दिया गया था। इसके बाद तीनों ने जिला जज की अदालत में रिकॉल की अर्जी दी गई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था।
दूसरी तरफ से चोलापुर निवासी जयप्रकाश रामचंद्र राजभर ने भी अर्जी दाखिल की थी। इसकी प्रति वादिनी को उपलब्ध कराई गई थी। इस मामले की सुनवाई भी 22 अगस्त को होगी।