Phases of Faces: 648 चेहरों में उकेरी नारी शक्ति की पूरी दुनिया, पूनम राय ने रचा इतिहास; मिला खास सम्मान
Varanasi News: पूनम राय की यह उपलब्धि सिर्फ एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि यह संदेश भी है कि जब हौसले बुलंद हों और सपनों को साकार करने का जज्बा हो, तब कोई भी चुनौती इंसान की मंजिल का रास्ता नहीं रोक सकती। उनकी कला आज केवल कैनवास पर नहीं, बल्कि हजारों लोगों के मन में प्रेरणा बनकर उभर रही है।
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी जिले की सुप्रसिद्ध चित्रकार पूनम राय ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, कला साधना और सृजनशीलता के दम पर ऐसा इतिहास रच दिया है, जो काशी के कला जगत के लिए गर्व का विषय बन गया है। उनकी बहुचर्चित पेंटिंग 'फेज़ेज ऑफ फेसेज' को अब हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, लंदन में 'एक ही कैनवास पर सर्वाधिक अद्वितीय चेहरे बनाने' की श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि इसी एक पेंटिंग पर पूनम राय का यह तीसरा अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड है। काशी में किसी एक पेंटिंग पर तीसरी बार अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड दर्ज होने का यह पहला मामला माना जा रहा है।
80×72 इंच के विशाल कैनवास पर पूनम राय ने 648 ऐसे चेहरे उकेरे हैं, जिनमें कोई भी चेहरा दूसरे से मेल नहीं खाता। लगभग तीन-तीन इंच आकार के इन चेहरों में अलग-अलग भाव, व्यक्तित्व और अभिव्यक्ति दिखाई देती है। इस पूरी कलाकृति को उन्होंने मात्र 17 दिनों में तैयार किया।
पूनम राय बताती हैं कि यह पेंटिंग केवल चेहरों का संग्रह नहीं, बल्कि नारी शक्ति की भावनाओं का जीवंत दस्तावेज है। इसमें एक बेटी, बहन, मां, पत्नी, कर्मयोगी और संघर्षशील महिला के जीवन के लगभग हर भाव को चित्रित करने का प्रयास किया गया है। उनका कहना है कि 648 चेहरों में महिलाओं की खुशियां, पीड़ा, आत्मविश्वास, संघर्ष, त्याग, संवेदनाएं और सपने दिखाई देंगे। यही इस कलाकृति की सबसे बड़ी विशेषता है।
पूनम राय ने कभी अपनी परिस्थितियों को अपनी मंजिल के बीच नहीं आने दिया। उन्होंने लगातार मेहनत और कला के प्रति समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनका कहना है कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय कला, महिला सशक्तीकरण और रचनात्मकता का वैश्विक स्तर पर सम्मान है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, शुभचिंतकों और कला प्रेमियों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साह बढ़ाया।
कला विशेषज्ञों का मानना है कि एक ही पेंटिंग पर तीन अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड मिलना खास उपलब्धि है। इससे न केवल पूनम राय की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत हुई है, बल्कि वाराणसी की समृद्ध कला परंपरा को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई प्रतिष्ठा मिली है।
पूनम राय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर वरिष्ठ पत्रकार अरविंद सिंह, लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय विनीत समेत अनेक कलाकारों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों और कला प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर अनुष्का मौर्य, स्नेहा, शशि, निवेक्षा, विनय, महेंद्र, संजीवनी, रिचा सिंह, नीलू, स्नेहा राय, प्रिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।