यूपी: पहले पिता-पुत्र की हत्या हुई, अब देवगांव में ईकॉम एक्सप्रेस के ऑफिस से 2.44 लाख की लूट, एसपी ने कोतवाल को हटाया
आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज कस्बा स्थित ऑनलाइन शॉपिंग कोरियर सेवा प्रदाता ई-कॉम एक्सप्रेस के ऑफिस से दो बाइक सवार चार बदमाशों ने शुक्रवार की रात दराज में रखे 2.44 लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान बदमाश दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर भी साथ उठा ले गए।
घटना शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे की है। उस समय दो कर्मचारी नीरज सिंह पुत्र रामप्यारे सिंह व दयाशंकर पुत्र राकेश सिंह आधा शटर गिराकर अपने लखनऊ ऑफिस से हिसाब कर लिखा-पढ़ी कर रहे थे। सीसीटीवी के डीवीआर निकालने के दौरान हुई आवाज पर दोनों कर्मचारियों की नजर जब बदमाशों की तरफ पड़ी तब तक वे दराज से पैसा व डीवीआर लेकर फरार हो गए।
दोनों कर्मचारियों ने अपने उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ ही देवगांव कोतवाली को घटना से अवगत कराया। सूचना पर देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुटी रही।
देवगांव कोतवाल पर गिरी गाज, हटाए गए
पिता-पुत्र दोहरे हत्याकांड और 2.44 लाख की लूट के बाद आखिरकार देवगांव कोतवाली प्रभारी रहे विमलेश मौर्या पर एसपी की नजर टेढ़ी हो ही गई। शनिवार की देर रात विमलेश मौर्या को देवगांव कोतवाली प्रभारी के पद से हटा कर क्राइम ब्रांच भेज दिया गया।
वहीं, लाइन में रहे संजय कुमार सिंह को देवगांव कोतवाली का नया कोतवाल बनाया गया है। वहीं, प्रभारी मीडिया सेल संजय यादव को निरीक्षक अपराध थाना तरवां पर तैनाती दी गई है। प्रधान की हत्या के बाद हुए बवाल को देखते हुए पांच-छह दिन पूर्व तरवां थाना प्रभारी पद पर तैनात किए मंजय सिंह का लाइन हाजिर कर दिया था।