काशी का विकास अनवरत जारी रहेगा: बनारस डेयरी, लंगड़ा आम, गाजीपुर की भिंडी और जौनपुर की मूली की बढ़ेगी बिक्री
Varanasi News: 2014 और 2019 में प्रधानमंत्री जब भी काशी आए, उनके साथ गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहते थे। इस बार अमित शाह नहीं आए। 2014 में अमित शाह के साथ तत्कालीन गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी काशी आए थे। 2019 में राजनाथ सिंह नहीं आए मगर अमित शाह साथ थे। इस बार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान थे और मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ भी शामिल रहे।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी का आभार जताते हुए कहा कि काशी का विकास इसी तरह आगे भी अनवरत जारी रहेगा। पिछले 10 वर्ष में काशी के किसानों के लिए केंद्र सरकार ने और सात वर्षों से राज्य सरकार ने पूरे समर्पण के साथ काम किया है। बाबा विश्वनाथ की कृपा से काशी के विकास की यह नई गाथा अनवरत चलती रहेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बनास डेयरी ने तो बनारस और आसपास के किसानों और पशुपालकों का भाग्य बदलने का काम किया है। आज ये डेयरी हर रोज करीब 3 लाख लीटर दूध जमा कर रही है। अकेले बनारस के ही 14 हजार से अधिक पशुपालक इस डेयरी से पंजीकृत हो चुके हैं। अब बनास डेयरी अगले एक डेढ़ साल में काशी के ही 16 हजार और पशुपालकों को अपने साथ जोड़ने जा रही है।
बनास डेयरी आने के बाद बनारस के अनेक दुग्ध उत्पादकों की कमाई में 5 लाख रुपये तक की वृद्धि हुई है। पिछले साल 100 करोड़ रुपए से ज्यादा बोनस पशुपालकों के खाते में भेजा गया था। पीएम मत्स्य संपदा योजना से बनारस के सैकड़ों किसानों को लाभ हो रहा है। उन्हें अब किसान क्रेडिट कार्ड की भी सुविधा मिल रही है।
पीएम सूर्यघर में 40 हजार लोग पंजीकृत
चंदौली में करीब 70 करोड़ की लागत से आधुनिक फिश मार्केट का विकास भी किया जा रहा है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से यहां करीब 40 हजार लोग पंजीकृत हुए हैं। बनारस के 2100 से ज्यादा घरों में सोलर पैनल लग चुका है। अभी तीन हजार से ज्यादा घरों में सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि काशी में देश के सबसे पहले सिटी रोपवे का काम अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच रहा है। गाजीपुर, आजमगढ़ और जौनपुर के रास्तों को जोड़ती रिंग रोड विकास का रास्ता बन गई है। फ्लाईओवर बनने से जाम से जूझने वाले बनारस के लोगों को बहुत राहत हुई है।
काशी और कैंट रेलवे स्टेशन एक नए रूप में पर्यटकों और बनारसी लोगों का स्वागत कर रहे हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट का नया रूप न सिर्फ यातायात बल्कि व्यापार को भी सहूलियत दे रहा है। गंगा घाट पर होता विकास, बीएचयू में बनती नई स्वास्थ्य सुविधाएं और वाराणसी में जगह-जगह विकसित होती नई व्यवस्था काशीवासियों को गौरव की अनुभूति कराती है।
पीएम ने कहा- आपका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी
पीएम मोदी ने काशी की जनता का आभार जताते हुए कहा कि आपका आभारी हूं, आपका ऋणी हूं। भारत जैसे देश में जहां युवा आकांक्षा इतनी बड़ी है, जहां जनता के इतने सपने हैं, वहां लोग अगर किसी सरकार को 10 साल के काम के बाद फिर सेवा का अवसर देते हैं तो यह बहुत बड़ी विजय है और बहुत बड़ा विश्वास है।
आपका यह विश्वास मेरी बहुत बड़ी पूंजी है। आपका ये विश्वास मुझे लगातार आपकी सेवा करने और देश को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा देता है। मैं दिन रात ऐसे ही मेहनत करूंगा। आपके सपनों को पूरा करने के लिए, आपके संकल्पों को पूरा करने के लिए, मैं हर प्रयास करूंगा।