Dev Deepawali 2020: पीएम मोदी के आगमन को देखते हुए पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पर चला चेकिंग अभियान, दो हेलीकाप्टर से हो रही निगरानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देव दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन को देखते हुए चंदौली के पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के चप्पे-चप्पे की जांच की। इस दौरान यात्रियों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर इसकी सूचना सुरक्षा बलों को देने का आह्वान किया। देव दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में गंगा घाटों पर दीपदान करेंगे और घाटों की छटा निहारेंगे।
इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। वहीं प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशन पर भी सतर्कता तेज हो गई है। इसको देखते हुए शनिवार को जीआरपी पीडीडीयू निरीक्षक आरके सिंह और रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू पोस्ट निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में डॉग स्क्वॉयड की संयुक्त टीम ने दोपहर में जांच अभियान की शुरूआत की। सुरक्षा बलों ने सभी प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षलय, रेलवे ओवरब्रिज, यात्री हाल, सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन स्टैंड, बैंक एटीएम, पार्सल घर की गहनता से जांच पड़ताल की।
इस दौरान यात्रियों को सावधान रहने, कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए यात्रा के दौरान हमेशा मास्क लगाकर रखने, सामाजिक दूरी का पालन करने को कहा। साथ ही कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति और लावारिश वस्तु के दिखने पर इसकी सूचना सुरक्षा बल और रेलकर्मियों को दें।
जीआरपी निरीक्षक आरके सिंह और आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि वाराणसी की ओर से आने वाली और जाने वाली ट्रेनों पर विशेष निगाह रखी जा रही है। अभियान लगातार चलाया जाएगा।
वाराणसी में प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर प्रशासन की भी तैयारी
देव दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी तैयारी में जुटा है। शनिवार को सूजाबाद गांव में हैलीपैड स्थल को सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कब्जे में ले लिया है। इसके मद्देनजर सूजाबाद जाने वाला मार्ग सील कर दिया गया है। पूरे इलाके की सेना के दो हेलीकाप्टरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। दिनभर पड़ाव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
काशी की देव दीपावली देखने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा के इस पार सूजाबाद में उतरेंगे। यहां से अवधूत भगवान राम गंगा घाट से स्टीमर से गंगा में भ्रमण करेंगे। इसके लिए सूजाबाद में तीन हेलीपैड बनाए गए हैं और गंगा घाट पर कालीन बिछाए गए हैं। शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया। दिनभर पूरे इलाके की सेना के दो हेलीकाप्टर के माध्यम से निगरानी की गई।
जीटी रोड पड़ाव से समाधिस्थल तक बैरिकेडिंग के साथ ही लोहे की जालियों से घेर दिया गया है। पड़ाव रोड पर भी बैरिकेडिंग की गई है। हैलीपैड से गंगा घाट तक जाने वाले मार्ग को बनाने का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।
सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि सूजाबाद इलाका वाराणसी में है लेकिन जिले से सटा है। पड़ाव और आसपास के इलाके के सभी होटलों में लगातार निगरानी हो रही है। यहां रुकने वालों की पहचान की जा रही है। पड़ाव और आसपास के इलाकों के रहवासियों की जांच पहले ही की जा चुकी है।
राजघाट पुल के टूटी रेलिंग की मरम्मत हुई
पीडीडीयू नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए राजघाट पुल पर जाने वाले रास्ते की मरम्मत की गई। वहीं रास्ते के दोनों तरफ लोहे की टूटी रेलिंग की मरम्मत के साथ ही रंग रोगन का काम दिन भर होता रहा।