डेंगू का प्रकोपः वाराणसी के सरकारी-निजी अस्पतालों में 138 मरीजों का चल रहा इलाज, जिले में 1461 संदिग्ध मरीज
सोमवार को वाराणसी जिले में डेंगू के तीन संदिग्ध मरीज मिले, जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 1461 हो गई। इस समय सरकारी-निजी अस्पतालों में कुल 138 मरीजों का इलाज चल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी जिले में वायरल फीवर और डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में नए-नए वार्ड भी बनाए जा रहे हैं। मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में बने डेंगू वार्ड के भरने के बाद अब कार्डियक वार्ड को डेंगू वार्ड बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर यहीं पर मरीज भर्ती किए जाएंगे।
इधर, सोमवार को जिले में डेंगू के तीन संदिग्ध मरीज मिले, जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 1461 हो गई। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही अब स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। सोमवार को सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने दीनदयाल अस्पताल पहुंचकर मरीजों के जांच, इलाज की जानकारी ली। इस समय सरकारी-निजी अस्पतालों में कुल 138 मरीजों का इलाज चल रहा है।
उधर, बीएचयू में भी डेंगू और वायरल फीवर के कुल 22 मरीज और मंडलीय अस्पताल में 13, शास्त्री अस्पताल रामनगर में एक मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा 14 निजी अस्पतालों में भी मरीज हैं। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि कुल 232 घरों में सर्च अभियान चलाया गया। पांच घरों में डेंगू का लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया गया है।
रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई कोरोना जांच
केरल और मुंबई में कोरोना का संक्रमण बढ़ने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। पहले की तरह ही एक बार फिर रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच शुरू हो गई है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिया। सीएमओ डा. वीबी सिंह ने बताया कि यात्रियों की जांच के साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई जाएगी। इसके अलावा संक्रमण नियंत्रण के लिहाज से अन्य जगहों पर भी जल्द ही जांच की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
बीएचयू अस्पताल के स्पेशल वार्ड बी में भर्ती होंगे मरीज
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के स्पेशल वार्ड बी ब्लॉक में अब मरीजों को भर्ती किया जा सकेगा। अब तक इस वार्ड को बीएचयू के कोरोना संक्रमित स्वास्थ्य कर्मियों के लिए रिजर्व किया गया था। एमएस प्रो. केके गुप्ता ने बताया कि तत्काल प्रभाव से सभी मरीजों के लिए इसे चालू कर दिया गया है। कार्डियोलॉजी विभाग में सोमवार से शनिवार तक की ओपीडी का नया शेडयूल भी जारी कर दिया गया है।