फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Dengue and viral fever havoc: People suffering from joint pain, high fever and itching

डेंगू और वायरल का डबल अटैक: जोड़ों में दर्द, तेज बुखार और खुजली से परेशान लोग, लखनऊ से पहुंची स्वास्थ्य टीम

Wed, 04 Oct 2023 03:49 PM IST
किरन रौतेला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी Published by: किरन रौतेला Updated Wed, 04 Oct 2023 03:49 PM IST
सार

कुल 250 बेड वाले जिला अस्पताल में इस समय 229 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें सबसे अधिक 176 मरीज तो वायरल फीवर यानी तेज बुखार के हैं जबकि डेंगू के पॉजिटिव रिपोर्ट वाले 12 मरीज भर्ती हैं।

विज्ञापन
Dengue and viral fever havoc: People suffering from joint pain, high fever and itching
अस्पताल में भर्ती डेंगू से पीड़ित - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जिले के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी से लेकर अन्य वार्ड इन दिनों डेंगू, वायरल फीवर के मरीजों से भरे पड़े हैं। साथ ही ओपीडी में भी मरीजों की कतार लग रही है। इसमें अधिकांश मरीज तेज बुखार के साथ ही जोड़ों में दर्द की समस्या से परेशान है। मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर अब अस्पतालों में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही दूसरे अस्पतालों से भी स्वास्थ्य टीम लगाने का निर्णय लिया गया है।

विज्ञापन

पिछले एक सप्ताह से अस्पतालों में मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है। इधर मंगलवार को भी दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, शास्त्री अस्पताल रामनगर, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में ओपीडी से लेकर पैथालॉजी तक मरीज उमड़े रहे। किसी ने ओपीडी में दिखाया था तो किसी को इमरजेंसी में दिखाने के बाद डॉक्टर ने जांच करवाने की सलाह दी थी। सामान्य दिनों में जहां पैथालॉजी में किसी तरह 100 मरीजों की जांच होती थी, वह संख्या भी बढ़कर 200 के पार पहुंच गई है। डॉक्टर भी रिपोर्ट आने के बाद मरीजों को दवा दे रहे हैं।

विज्ञापन

जिला अस्पताल में चल रहा 229 मरीजों का इलाज

कुल 250 बेड वाले जिला अस्पताल में इस समय 229 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें सबसे अधिक 176 मरीज तो वायरल फीवर यानी तेज बुखार के हैं जबकि डेंगू के पॉजिटिव रिपोर्ट वाले 12 मरीज भर्ती हैं। जो 176 मरीज अन्य वार्डों में हैं, उसमें भी 50 से अधिक मरीज ऐसे हैं, जिनमें डेंगू के संदिग्ध लक्षण है, यानी एनएस1 रिपोर्ट पॉजिटिव है।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

Dengue and viral fever havoc: People suffering from joint pain, high fever and itching
डेंगू ने बरपाया कहर - फोटो : अमर उजाला

शास्त्री अस्पताल का डेंगू वार्ड फुल

शास्त्री अस्पताल में आठ बेड का डेंगू वार्ड बनाया गया है, वो भी इस समय फुल है। 153 बेड के इस अस्पताल में 115 मरीज इस समय हैं। इसमें करीब 35 मरीज बुखार और अन्य कारणों के हैं। कुछ ऐसी महिलाएं, बच्चे हैं, जिनके जोड़ों में दर्द है, डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।

मंडलीय अस्पताल में दूसरे वार्ड में भर्ती हो रहे डेंगू पीड़ित

मंडलीय अस्पताल में 10 बेड वाला डेंगू वार्ड मरीजों से भर गया है। इसके बाद तीन मरीजों को दूसरे वार्ड में भर्ती कराया गया है। 316 बेड वाले अस्पताल में वैसे तो 254 मरीज हैं लेकिन आधे से अधिक बुखार से ग्रसित हैं। यहीं नहीं अस्पताल की इमरजेंसी भी पिछले एक सप्ताह से फुल चल रही है। बच्चों के इलाज के लिए बना चिल्ड्रेन वार्ड भी खाली नहीं है।
 

मंडलीय और जिला अस्पताल में लगेगी मशीन, मिल सकेंगे प्लेटलेटस

वायरल फीवर, डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अब स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हुआ है। शासन के निर्देशन पर तीन सदस्यीय विशेष टीम वाराणसी पहुंची है। यहां अस्पतालों का दौरा कर टीम के सदस्यों ने भर्ती मरीजों, तीमारदारों और इलाज में लगी स्वास्थ्य टीम से बात की। इसके बाद मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा से मुलाकात कर उनसे भी मरीजों के जांच, इलाज के बारे में चर्चा की। टीम का नेतृत्व कर रहे संचारी रोग के निदेशक डॉ.केएन तिवारी ने कहा कि जांच की जरूरत को देखते हुए प्रदेश के सभी 18 मंडलों के ब्लड बैंक में सिंगल डोनर प्लेटलेट के लिए एफेरेसिस मशीन लगाई जाएगी। इसमें वाराणसी में मंडलीय अस्पताल के अलावा जिला अस्पताल में भी यह मशीन लगाई जाएगी।

डेंगू, वायरल फीवर वाले मरीजों के आंकड़ें पर सवाल उठने के बाद मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में प्रेसवार्ता में निदेशक डॉ.केएन तिवारी, राज्य सर्विलांस अधिकारी डा.विकासेंदु अग्रवाल ने बताया कि मशीन लगने के बाद सिंगल डोनर प्लेटलेट के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। बताया कि अस्पतालों में अधिकांश लोग वायरल फीवर के हैं। सभी को जरूरत के हिसाब से इलाज मिल सके, इसके लिए जिले में शास्त्री, मंडलीय, दीनदयाल अस्पताल में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही यहां शहरी स्वास्थ्य केंद्रों से 2-2 अतिरिक्त स्टाफ नर्स की तैनाती का निर्णय लिया गया है। निदेशक ने बताया कि लखनऊ से फिजिशियन डॉ. पंकज गुप्ता ने भी डॉक्टरों से बातचीत की।

Dengue and viral fever havoc: People suffering from joint pain, high fever and itching
डेंगू संक्रमण का कहर - फोटो : istock

मरीजों और तीमारदारों को दी जाएंगी ये जानकारियां

-अस्पतालों में होर्डिंग्स सहित अन्य माध्यमों से यह बताया जाएगा कि 10 हजार से कम प्लेटलेटस जब तक न हो तब तक न चढ़वाएं।

-तेज बुखार, जोड़ों में दर्द की समस्या होने पर किसी तरह की घबराहट न पैदा करें।

-अस्पतालों में 24 घंटे पैथालॉजी में जांच की सुविधा है। इस वजह से डॉक्टर की सलाह पर जरूर जांच करवाएं।

-मरीजों की समय-समय पर काउंसिलिंग कर बीमारी से जुड़ी सही जानकारी दी जाएगी।

निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण करेंगे अधिकारी-मंडलायुक्त

लखनऊ से आई अधिकारियों की टीम के साथ मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने डेंगू, वायरल फीवर के प्रकोप को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी भी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने कहा कि निजी अस्पतालों में इससे संबंधित डाटा समय से फीड किया जा रहा है कि नहीं इसकी मानीटरिंग खुद अधिकारियों की ओर से की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण भी करेंगे। साथ ही टेली कंस्लटेशन के माध्यम से घर पर ही मरीजों को ओपीडी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सीएमओ को सभी तैयारियां करने को कहा गया है। जन औषधि केंद्रों पर दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed