वाराणसी : जमीन और दुकान से कब्जा हटाने के एवज में मांगी तीन करोड़ की रंगदारी
महिला की तहरीर के आधार पर सिगरा पुलिस ने मंगलवार को तीन नामजद के खिलाफ रंगदारी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी सिगरा के संपूर्णानंद कॉलोनी में करोड़ों की जमीन और दुकान से कब्जा हटाने के एवज में महिला से तीन करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर सिगरा पुलिस ने मंगलवार को तीन नामजद के खिलाफ रंगदारी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया। सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीमें दबिश दे रही है।
संपूर्णानंद कालोनी निवासी मंजू अग्रवाल के अनुसार वह और मुकुंद राय कटारिया, बाल गोविंद अग्रवाल ने मिलकर जमीन का पंजीकृत लीज डीड नवंबर 1981 में कराया। मुकुंद राय कटारिया की मौत के बाद उच्चाधिकारियों से वैधानिक अंश का लीज डीड 1998 में कराया। इस तरह वह उस हिस्से पर काबिज हो गई। वहीं, बाल गोविंद अग्रवाल ने सभी जमीन की लीज डीड गाजीपुर के मोहम्मदाबाद के कौसिकपुर निवासी कृष्णा मोहन यादव को 17 जून 1993 में रजिस्ट्री कर दिया। कृष्णा मोहन, उसके भाई आनंद मोहन गुड्डू ने अपने हिस्से के साथ ही हमारी जमीन पर भी कब्जा कर लिया।
आठ जून 2022 को दोनों भाई कृष्णा मोहन और गुड्डू घर पर आए और धमकी दी कि पुलिस में शिकायत की तो तुम्हारे साथ दोनों बेटियों की भी हत्या करवा देंगे। पीड़िता मंजू का आरोप है कि धमकी दी जा रही है कि जमीन चाहिए तो तीन करोड़ रुपये दो। वहीं, कृष्णा मोहन आदि ने मेरी स्वामित्व वाली भूमि पर अपने साथी गोविंद अग्रवाल को कब्जा करवा दिया है। वह भी धमकी देता है और जमीन छोड़ने के एवज में भारी धनराशि की मांग करता है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार कृष्णा मोहन और आनंद मोहन ने सिगरा के काशी नाटकोट्टाई नगर छेतराम की तीन सौ करोड़ रुपये की जमीन पर कब्जा किया था, जिसे मुक्त कराने के बाद कई पीड़ितों के शिकायती पत्र दोनों भाइयों के खिलाफ आने लगे। पीड़ित महिला ने शिकायती पत्र दिया था। इसकी जांच कराने के बाद सिगरा थाने में तीनों के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस आयुक्त के अनुसार दोनों भाइयों की कुंडली एंटी भू माफिया सेल ने खंगालनी शुरू कर दी है। दोनों भाई एक रिटायर्ड अधिकारी के पुत्र है।