फावड़े से हमला कर अधेड़ की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने पत्नी-बेटी को लिया हिरासत में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। किसी अज्ञात ने एक अधेड़ की फावड़े से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्यारे की तलाश में जुट गई है।
जिले के पवई थाना क्षेत्र के सउदमा गांव में बुधवार रात दरवाजे के बाहर चारपाई पर सोते समय सिर और पैर पर फावड़े से प्रहार कर श्यामनरायण मिश्रा (50) की हत्या कर दी गई। हत्यारे ने उसकी लाश घर के बगल में स्थित गली में छिपाकर रख दी थी।
शुक्रवार सुबह करीब दस बजे पड़ोसी युवक किसी काम से गली की तरफ गया तो लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस डॉग स्क्वाड की मदद से घर के भीतर छिपाकर रखा गया खून से लथपथ फावड़ा और अधेड़ के बेटी का दुपट्टा बरामद हुआ।
घटना की सच्चाई जानने के लिए पुलिस अधेड़ की पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में मामला अश्नाई (अवैध संबंध) का लग रहा। पुलिस सच जानने के प्रयास में जुटी हुई है।
पवई थाने के सउदमा गांव निवासी श्यामनरायण मिश्रा के दो भाई अपने परिवार के साथ बाहर रहते हैं। उनका बड़ा बेटा रत्नेश मुंबई में रहकर नौकरी करता है। घर पर श्यामनरायण के अलावा उनकी पत्नी सुमन देवी, बेटी रीना, बेटा उमेश और रिंकू रहते थे। श्यामनरायण के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी।
बुधवार रात भोजन करने के बाद श्यामनारायण दरवाजे के बाहर चारपाई पर सो गए, जबकि पत्नी, बेटी और बेटा अलग-अलग सोए थे। उनकी पत्नी सुमन देवी का कहना है कि सुबह वह जागी तो चारपाई पर नहीं थे। उसने सोचा कहीं घूमने गए होंगे। इसलिए खोजबीन नहीं की।
सुबह करीब दस बजे गांव का एक लड़का श्यामनरायण के घर के बगल में स्थित गली की तरफ किसी काम से गया तो उसने श्यामनरायण की लाश देखी। शव गली में छिपाया गया था। ऊपर से पुआल फेंका गया था। उस युवक ने पुलिस को सूचना दी तो पवई थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे।
पुलिस, डॉग स्क्वाड बुलाकर जांच करने लगी। इस दौरान श्यामनरायण के घर के भीतर छिपाकर रखा गया खून से लथपथ फावड़ा और बेटी रीना का खून से सना दुपट्टा बरामद हुआ। इसी शक के आधार पर पुलिस पत्नी सुमन देवी और बेटी रीना को हिरासत में लेकर थाने चली गई। जहां दोनों से पूछताछ की जा रही।