Tourist Plaza: नवरात्र से पहले गुलजार होगा गुलाबी पत्थरों बना दशाश्वमेध प्लाजा, जानें इसके बारे में सबकुछ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हाल ही में लोकार्पित दशाश्वमेध भवन में रेस्टारेंट, दुकानें सहित अन्य सुविधाओं के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट से गंगा व्यू के साथ बनारसी खानपान का लुत्फ उठाने का सपना जल्द ही साकार होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हाल ही में लोकार्पित दशाश्वमेध भवन में रेस्टारेंट, दुकानें सहित अन्य सुविधाओं के लिए जारी कर दिया गया है। 22 अगस्त तक निविदा में शामिल होने का मौका होगा और 23 अगस्त को निविदा जारी की जाएगी।
गंगा किनारे गुलाबी पत्थरों से सजे नवनिर्मित दशाश्वमेध प्लाजा में 180 दुकानें हैं, जहां एक ही छत के नीचे काशी आने वाले पर्यटकों को मशहूर बनारसी साड़ी, गुलाबी मीनाकारी, लकड़ी के खिलौने समेत हर जरूरी सामान उपलब्ध होगा। दशाश्वमेध प्लाजा का भवन ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व वाले मान महल की तरह दिखेगा।
काशी विश्वनाथ धाम का खुलेगा कार्यालय
यह महल दशाश्वमेध घाट के समीप है। प्लाजा को और सुंदर दिखाने के लिए रात में फसाड लाइटिंग की भी व्यवस्था की गई है। यहां पर्यटक सुविधा केंद्र के साथ ही श्रीकाशी विश्वनाथ धाम का एक कार्यालय भी खोला जाएगा जहां पर्यटकों को सभी प्रकार की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, घाट और प्लाजा तक आने वाले पर्यटकों की सहूलियत के लिए यहां से सुगम दर्शन की व्यवस्था होगी। यहां से ही श्रद्धालुओं को व्हील चेयर सहित अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
दशाश्वमेध प्लाजा की खास बातें
- 28.54 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा प्लाजा
- 3082.04 वर्गमीटर में आकार दिया गया इस परियोजना को
- 140 दुकानदारों को शिफ्ट किया जाएगा दशाश्वमेध प्लाजा में
- 180 दुकानें बनाई गई हैं बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर
- 03 मंजिला कांप्लेक्स में सीढ़ियों के साथ बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए लिफ्ट व एस्केलेटर लगाए गए हैं
- प्रथम तल पर बनाए गए फूड कोर्ट व रेस्टोरेंट में ले सकेंगे विविध व्यंजनों का स्वाद
- भूतल पर पर्यटकों के बैठने के लिए स्टोन फ्लोरिंग व पाथवे का निर्माण होना है, हरियाली का भी होगा इंतजाम
- छत पर होगा ओपन रेस्टोरेंट जहां बैठकर सैलानी सीधे कर सकेंगे मां गंगा के दर्शन
बेनियाबाग पार्किंग के पास बनेगा रूफ टाप रेस्टूरेंट
स्मार्ट सिटी से बने बेनियाबाग पार्किंग के पास रूफ टाप रेस्टूरेंट बनाया जाएगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने का निर्देश नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने दिया है। बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त ने दशाश्वमेध जोन और बेनियाबाग पार्क का निरीक्षण किया। पार्किंग के पास बन रहे सीसी रोड निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने को कहा।
नगर आयुक्त ने जोनल कार्यालय में मुख्य गेट के जीर्ण-शीर्ण जर्जर भवन के एक भाग को गिराने के साथ ही अन्य भाग में सुधार के लिए मुख्य अभियंता को निर्देश दिया। एप्रोच मार्ग को ठीक कराने का भी निर्देश दिया। जच्चा-बच्चा वार्ड के मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाने को कहा। निरीक्षण के बाद बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 अगस्त को आजादी के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाली हर घर तिरंगा कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन कराएं।