डीएलएड छात्र को मारी गोली: चार राउंड फायरिंग कर भाग निकले हमलावर, रंजिश या कुछ और; एक आरोपी ने किया सरेंडर
Ghazipur News: यूपी के गाजीपुर में घर के पास घात लगाकर बैठे हमलावरों ने 25 वर्षीय युवक को गोली मार दी। परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। सूचना पाकर सुहवल थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस बीच, एक आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
विस्तार
Ghazipur News: गाजीपुर सुहवल थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट गांव में बृहस्पतिवार की रात तेरही के कार्यक्रम से वापस घर लौट रहे डीएलएड छात्र को हमलावरों ने गोली मार दी। सिर के दाहिने तरफ पिछले हिस्से को चीरते हुए गोली निकल गई। खून से लथपथ छात्र अचेत होकर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देकर हमलावर चार राउंड हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। घायल के चचेरे भाई ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इधर, शुक्रवार को मुख्य आरोपी श्याम बहादुर उर्फ बुद्धन सिंह ने गैंगस्टर कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि ताड़ीघाट निवासी राजू यादव (25) गांव के ही मन्नू चौधरी के यहां आयोजित तेरही कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। वह अभी घर से करीब 150 मीटर पहले गांव के उत्तरी छोर पर पहुंचा ही थी घात लगाए हमलावरों ने किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू कर दी।
परिजनों में मचा कोहराम
देखते ही देखते हमलावरों ने तमंचे से राजू यादव को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली राजू के सिर के दाहिने तरफ पिछले हिस्से को चीरते हुए निकल गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। इधर, गोली की आवाज सुनते ही ग्रामीण घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े।
हमलावर ग्रामीणों से घिरता देख चार राउंड हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन ग्रामीणों की मदद से घायल छात्र को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार चल रहा है।
घायल छात्र की मां नगेशरी यादव ने बताया कि उनके बेटे की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। वहीं घटना की जानकारी होने पर जमानिया सीओ अनिल कुमार और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई और पूछताछ में जुट गई।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि गोली से घायल छात्र के चचेरे भाई मनीष यादव ने शत्रुघ्न उर्फ बुद्धन, दुर्गा सिंह उर्फ गांधी, हिमांशु सिंह और मनीष सिंह उर्फ राहुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
असलहा और कारतूस की बरामदगी में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि डीएलएड छात्र राजू यादव को गोली मारने के मामले के मुख्य आरोपी श्याम बहादुर उर्फ बुद्धन सिंह ने शुक्रवार को गैंगस्टर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के न्यायालय के सरेंडर की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अब प्रयुक्त असलहा और कारतूस की बरामदगी के लिए बुद्धन सिंह को रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है। वह नामजद अन्य तीन आरोपी दुर्गा सिंह उर्फ गांधी, हिमांशु सिंह और मनीष सिंह उर्फ राहुल की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं 13 आपराधिक मामले
थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य आरोपी श्याम बहादुर उर्फ बुद्धन सिंह क्षेत्र का शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ जनपद के सुहवल, बिरनों और सदर कोतवाली में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके खिलाफ गैंगस्टर, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, धमकी, मारपीट, गुंडा एक्ट और शराब से संबंधित 7 सीएल एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। आरोपी बुद्धन सिंह अप्रैल 2025 से हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में जमानत पर चल रहा था।
एक वर्ष पूर्व दर्ज हुई थी प्राथमिकी
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि गोली से घायल डीएलएड छात्र राजू यादव पर करीब एक वर्ष पूर्व एससी/ एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश के साथ विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन में जुटी हुई है। यहीं नहीं जल्द ही गोली कांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।