Cyber Crime: पूर्व कुलपति को दो घंटे तक रखा डिजिटल अरेस्ट, पत्नी ने राज्यमंत्री को फोन कर बचाया; रपट दर्ज
Varanasi Crime: वाराणसी के सिगरा थाने में यह मामला दर्ज कर लिया गया है। अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के पूर्व कुलपति को पहलगाम अटैक से जोड़कर उलझाया गया। साइबर जालसाज ने वीडियो काॅल कर उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया था।
विस्तार
साइबर ठगों ने अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के पूर्व कुलपति और बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. गुलाबचंद्र राम जायसवाल को पहलगाम आतंकवादी हमले से जोड़कर 2 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा। प्रोफेसर की पत्नी की सजगता और स्टांप राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल की तत्परता से वह साइबर ठगों की जाल से बाहर निकले। पूर्व कुलपति ने रविवार रात सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सिगरा थाना क्षेत्र के त्रिदेव अपार्टमेंट निवासी डॉ. गुलाब चंद्र राम जायसवाल ने पुलिस को बताया कि 28 दिसंबर की दोपहर 2 बजे अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एटीएस का अधिकारी बताया और धमकाने लगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
उसने फोन पर कहा कि आपके फोन नंबर का इस्तेमाल पहलगाम आतंकवादी वारदात में हुआ है। वीडियो कॉल के बाद एक अफसर से बात कराई। वीडियो कॉल पर पुलिस की वर्दी पहनकर बैठे एक व्यक्ति ने डांटा और पैनकार्ड, आधार और बैंक का विवरण मांगा। साथ ही खुद को एक कमरे में बंद करने को कहा। यह सब देख उनकी पत्नी ने यूपी सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल को फोन लगा दिया।
साइबर जालसाज के वीडियो कॉल को होल्ड पर रख राज्यमंत्री से वार्ता हुई। मंत्री ने आश्वस्त किया कि यह साइबर फ्रॉड है। सख्ती से पेश आइए। इसके बाद साइबर ठग के कॉल को काटा और तुरंत सिगरा थाने पहुंचा। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।