Cyber Fraud: फर्जी लिंक भेजकर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, अब तक कई लोगों को बनाया शिकार
तरह-तरह के प्रलोभन देकर फर्जी लिंक भेजकर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कभी भारीभरकम इनाम तो कभी कंपनी में पैसा लगाने पर लाभ देने के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कब्जे से पॉश मशीन, लैपटॉप, डेबिट कार्ड और विभिन्न बैंकों के 17 चेकबुक बरामद हुए। दोनों ने हाल ही में ऑनलाइन प्रोडक्ट बेचने के बहाने एक लाख 14 हजार की ठगी की थी।
वाराणसी के सारनाथ साइबर थाने के निरीक्षक विजय नारायण मिश्र के अनुसार गिरफ्तार नईम अब्दुल उर्फ जुमेराती शेख निवासी सुबास नगर लिंक रोड, जोगेश्वरी (वेस्ट), मुंबई और हाल पता चौबेपुर के कमौली गांव और पांडेयपुर निवासी संजय राय हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि कभी इनाम के लालच में, कभी कंपनी में पैसा लगाने पर लाभ देने के नाम पर, कभी गेमिंग के नाम पर, कभी रमी गोल्ड के नाम पर तो कभी बिटक्वाइन में पैसा डबल करने के नाम पर आमलोगों को लिंक भेज कर लालच देते हैं।
कई लोग लालच में उस लिंक पर क्लिक करते हुए अपने सभी विवरण व बैंक संबंधी डिटेल भर देते हैं। अंतिम में जब ओटीपी की बारी आती है तो ये लोग कॉल करते हैं। ओटीपी का पता चलते ही यूजर के बैंक अकाउंट से रुपये विभिन्न वॉलेट या खाता नंबर में यूपीआई के माध्यम से भेज देते हैं। उस खाते में मौजूद पैसे को बिटक्वाइन के माध्यम से विभिन्न सहयोगियों को भेजते हैं।
वाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप का करते हैं इस्तेमाल
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि हम लोग आम लोगों को विभिन्न टेलीग्राम ग्रुप, इंस्टाग्राम ग्रुप, वाट्सग्रुप पर विभिन्न कंपनियों में पैसा लगाने का लालच देते हैं। मोबाइल यूजर्स को झांसा दिया जाता है कि आपका पैसा चार से पांच चरण के बाद डबल हो जाएगा। फिर विभिन्न खातों/वालेट में पैसा डलवाते हैं और जब लाख रुपये से अधिक पैसा आ जाता है तो सभी संपर्क उस यूजर से तोड़ लेते हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सैकड़ों लोगों को लालच देकर साइबर फ्रॉड किया है।
पहले कमाया भरोसा, फिर दिया धोखा
मई 2022 में वाराणसी के चौबेपुर निवासी अवनीश सिंह को वाट्सएप ग्रुप में एक मैसेज आया था। बताया गया था कि नायका फैशन कंपनी से यदि आप कोई प्रोडक्ट खरीदते हैं तो लाभ मिलेगा। इसके तहत एक अकाउंट बनाने को कहा गया। इसके बाद बताया गया कि जब तक सात चरण पूरा नहीं होता तब तक कोई पैसा खाते से नहीं निकल सकता।
इस चक्कर में अवनीश ने फोनपे के माध्यम से छोटी-छोटी राशि जमा किया। जिसे लौटा दिया गया। इसके बाद फिर से अवनीश को लिंक भेजा गया। अवनीश ने भरोसा करते हुए इस बार सात चारण में कुल एक लाख 14 हजार रुपये जमा कर दिए। फिर क्या था आरोपियों ने पैसे हड़प लिए और गायब हो गए।