बुजुर्ग पर शराब की बोतल-चाकू से हमला कर ली जान, आरोपी अभी भी फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। वहीं इस मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
आजमगढ़ जिले के कटानी बाजार इलाके की दुकान से घर लौट रहे वृद्ध के सिर पर शराब की बोतल और गर्दन पर चाकू से हमलाकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की रात करीब दस बजे महराजगंज थाने के मुड़िलपुर गांव के पास हुई इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची। घटना के संबंध में बहू ने तहरीर दी। पुलिस अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के करिया का पुरा गांव निवासी रामप्यारे यादव(65) एक बेटे के पिता थे। उनका बेटा राजेश यादव हरियाणा में रहकर किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है जबकि रामप्यारे घर पर अपनी बहु धीरा देवी, पोता अमन (8) और पोती अंशिका (12) के साथ रहते थे।
रामप्यारे यादव महराजगंज कस्बा निवासी अजय मोदनवाल की मिठाई की दुकान पर काम करते थे। वो हर दिन दोपहर करीब 12 बजे दुकान पर आते थे और रात को दुकान बंद होने पर पैदल ही घर जाते थे।
रामप्यारे का मकान महराजगंज बाजार से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर है। गुरुवार रात करीब नौ बजे रामप्यारे दुकान से पैदल ही घर जाने के लिए निकले। जैसे ही वह मकान और दुकान के बीच में स्थित मुड़िलपुर गांव के पास पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने सिर पर शराब की बोतल से हमलाकर और गर्दन पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। बदमाशों ने शराब की बोतल इतनी जोर से मारी थी कि बोतल फूट गई और शीशे आदि मौके पर ही बिखरे पड़े थे।
रामप्यारे मौके पर ही बेहोशी हाल में दर्द से कराह रहे थे। राहगीरों के जरिए पुलिस को सूचना हुई तो उसके घर वालों को बुलाकर रामप्यारे को अस्पताल भेजा। परिवार के लोग उन्हें लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रामप्यारे की बहु धीरा देवी की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर ली गई है। पुलिस अपने स्तर से सच का पता लगा रही है।