{"_id":"0a998ef51de4ab9af1199dd326a016a1","slug":"gum-anger-and-tears-of-people-gathered-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"गम, गुस्सा और आंसुओं का सैलाब","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
गम, गुस्सा और आंसुओं का सैलाब
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
Updated Thu, 05 Nov 2015 02:13 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामापुरा वार्ड के भाजपा पार्षद शिव सेठ (35) की हत्या के विरोध में बुधवार को गुरुबाग से गोदौलिया तक दूकानें बंद रहीं। रामापुरा वार्ड शोक में डूबा रहा।
विज्ञापन
वारदात में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए परिवारवालों, समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने लक्सा थाने का घेराव किया।
साथ ही, लक्सा-गोदौलिया मार्ग पर तीन घंटा तक चक्काजाम कर कातिलों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। हर तरफ गम, गुस्सा और आंसुओं का सैलाब था।
24 घंटे के भीतर कातिलों को गिरफ्तार करने के एसपी सिटी सुधाकर यादव के आश्वासन पर किसी तरह स्थिति संभली। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इस दौरान कई थानों की पुलिस, पीएसी और क्यूआरटी मौके पर डटी रही।
विज्ञापन
तुलसीपुर, मोतीझील के पास घर जाते समय पार्षद शिव की गोली मारकर मंगलवार की देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने हत्या कर दी थी।
सुबह होते-होते पूरे लक्सा और रामापुरा इलाके में यह खबर फैल गई। लोग घरों से बाहर निकले और तय हुआ कि पार्षद की हत्या के विरोध में क्षेत्र की दूकानें बंद रहेंगी।
विज्ञापन
इस बीच, भोर में पोस्टमार्टम होने के बाद शिव सेठ का शव कई थानों की फोर्स की कड़ी सुरक्षा में उनके ककरमत्ता के जेपीस नगर स्थित घर ले जाया गया।
जहां से पैतृक आवास लक्सा होते हुए घरवाले अंतिम संस्कार के लिए हरिश्चंद्र घाट की ओर बढ़े। लक्सा से शव यात्रा आगे बढ़ने के बाद शिव की मां और सपा नेत्री निर्मला सेठ और बहनों के साथ बड़ी संख्या में इलाके की महिलाओं और पुरुषों ने लक्सा थाने का घेराव कर दिया।
फिर वहीं सामने चक्काजाम कर वे कातिलों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि शिव को कई बार जान से मारने की धमकी मिली लेकिन पुलिस ने शिकायत के बावजूद ध्यान नहीं दिया।
सभी का कहना था कि क्षेत्र के फरार हिस्ट्रीशीटर संतोष शुक्ला ने शिव की हत्या की है, उसे गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने समझा-बुझा कर जाम को खुलवाने का प्रयास किया लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था।
यहां तक कि पुलिस को थाने के अंदर नहीं जाने दिया गया। मांग थी कि आला अधिकारी मौके पर आएं और बताएं कि हत्यारोपियों को कितनी देर में पकड़ रहे हैं।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने शिव की मां और बहनों से बातचीत कर आश्वस्त किया कि पुलिस टीमें मंगलवार की रात से ही छापेमारी और दबिश में लगी हैं।
24 घंटे में सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। तब करीब तीन घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
उधर, गोदौलिया-लक्सा मार्ग पर तीन घंटे तक यातायात अवरुद्ध होने के चलते पर्यटकों, राहगीरों, एंबुलेंस और स्कूल-कॉलेज के बच्चों को खासी परेशानी हुई।
चक्काजाम करने वालों के समर्थन में पूर्व विधायक राबिया कलाम भी पहुंची थीं।