फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Firing in JHV mall at varanasi many injured

वाराणसीः प्रेमिका को नौकरी से निकाला तो मॉल में की अंधाधुंध फायरिंग, दो की मौत, दो घायल

Fri, 02 Nov 2018 10:37 AM IST
क्राइम डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
क्राइम डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी Updated Fri, 02 Nov 2018 10:37 AM IST
विज्ञापन
Firing in JHV mall at varanasi many injured
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा के दृष्टिकोण से अतिसंवेदनशील छावनी क्षेत्र स्थित जेएचवी मॉल में बुधवार शाम लगभग साढ़े तीन बजे नशे में धुत तीन युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर गोपी कन्नौजिया (25) और सुनील (42) की हत्या कर दी। फायरिंग में चंदन शर्मा (31) और विशाल सिंह (26) घायल हुए हैं।
विज्ञापन


मामले में काशी विद्यापीठ के चंदौली जिले के समुदपुर निवासी छात्र आलोक उपाध्याय और दो अज्ञात पर कैंट थाने में प्यूमा कंपनी के मैनेजर हर्षित तिवारी की तहरीर पर हत्या, हत्या का प्रयास और एससी/एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है। अंधाधुंध फायरिंग से मॉल में भगदड़ मच गई थी।
विज्ञापन


हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच सहित 12 टीमें लगाई गई हैं। एसएसपी ने इंस्पेक्टर कैंट राजीव रंजन उपाध्याय और नदेसर चौकी प्रभारी प्रदीप यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मॉल में आठ से नौ राउंड फायरिंग हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मॉल को खाली कराकर सीसी कैमरे का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर, मौके से मिली देसी पिस्टल और बाहर खड़ी लावारिस बाइक को पुलिस ने कब्जे में लिया है। पिस्टल लेकर तीनों युवक कैसे गए, इस बारे में मॉल के सिक्योरिटी अफसर और गार्ड्स से कैंट थाने में पूछताछ जारी थी।

दो पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग

Firing in JHV mall at varanasi many injured
मौके पर पहुंची एंबुलेंस - फोटो : amar ujala

चिह्नित हमलावर की गिरफ्तारी के लिए चंदौली के सकलडीहा थाना के समुदपुर स्थित उसके घर और विद्यापीठ के छात्रावासों के अलावा सिगरा क्षेत्र के प्राइवेट हॉस्टलों में पुलिस की पांच टीमों ने छापेमारी शुरू कर दी है। मॉल स्थित कपड़ों और जूतों के शोरूम में घुसे तीनों युवकों ने वहां के मैनेजर प्रशांत मिश्रा के बारे में पूछताछ की।

 पुलिस के अनुसार वारदात की वजह आलोक की प्रेमिका से प्यूमा शोरूम के कर्मचारी प्रशांत अग्रहरि द्वारा बदसलूकी और इसके कारण उसके नौकरी छोड़ने के साथ ही कपड़ा खरीदने में मनमाफिक छूट न देना है। मॉल स्थित प्यूमा शोरूम में घुसे तीन युवकों ने कर्मचारी प्रशांत अग्रहरि के बारे में पूछताछ की। इसी बीच एक ने पिस्टल निकाली तो शोरूम में मौजूद हर्षित तिवारी सहित अन्य ने शोर मचा दिया। इस पर अगल-बगल के शोरूम में काम करने वाले कर्मचारियों ने पिस्टल निकालने वाले को दबोच कर पीटने लगा। इस पर युवक के साथी ने पिस्टल निकाल कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मैगजीन खाली कर दी।

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में पांडेयपुर निवासी गोपी और शिवपुर सुनील को मृत घोषित कर दिया। गोपी एक अन्य शोरूम में सेल्समैन और शिवपुर निवासी सुनील एक शोरूम का टेलर बताया गया है। दोनों के सीने पर गोली मारी गई थी। वहीं, घायल गाय घाट निवासी चंदन शर्मा एक घड़ी शोरूम का मैनेजर और बाबापुर गोराईं निवासी विशाल कपड़े के शोरूम का सेल्समैन है। चंदन को कमर के नीचे और विशाल की बाईं जांघ पर गोली लगी है।

दुश्मनी किसी और से जान गंवाई निर्दोषों ने

Firing in JHV mall at varanasi many injured
मॉल में फायरिंग - फोटो : amar ujala
जेएचवी मॉल में अंधाधुंध फायरिंग में दो निर्दोषों की जान चली गई। मारे गए गोपी और सुनील का हमलावरों से किसी तरह का कोई विवाद नहीं था और वो अपना कामकाज कर रहे थे। गोपी और सुनील की हत्या को लेकर मॉल के शोरूमों में काम करने वाले कर्मचारी खासे दुखी दिखे।

पांडेयपुर निवासी गोपी मॉल के एक शोरूम में हेल्पर का काम करता था। तीन भाइयों में सबसे छोटा गोपी अविवाहित था। वहीं, शिवपुर निवासी सुनील एक शोरूम में टेलर का काम करता था। सुनील की शादी हो गई है और छोटे बच्चे हैं। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे गोपी और सुनील के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दोनों के परिजनों का कहना था कि आखिर गोपी और सुनील का क्या कसूर था। अब दोनों के परिवार का सहारा कौन बनेगा।

सिक्योरिटी गार्ड के बावजूद कैसे पहुंची तीन पिस्टल

Firing in JHV mall at varanasi many injured
varanasi - फोटो : अमर उजाला
 जेएचवी मॉल के बाहर, इंट्री गेट और एक्जिट गेट पर महिला-पुरुष सिक्योरिटी गार्ड्स भारी संख्या में तैनात रहते हैं। मेटल डिटेक्टर के साथ ही मॉल में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की विधिवत मैनुअल तलाशी भी होती है।

इसके बावजूद तीन युवक नशे में धुत होकर अवैध पिस्टल लेकर मॉल के भीतर कैसे प्रवेश कर गए, यह सवाल आमजन के साथ ही पुलिसकर्मियों की जुबान पर भी रहा। सभी का कहना था कि मॉल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर घोर लापरवाही बरती जा रही है और उसी के चलते दिनदहाड़े ऐसी वारदात हुई।

जेएचवी मॉल में अंधाधुंध फायरिंग कर दो की हत्या किए जाने के बाद मौके पर एसएसपी के अलावा आईजी रेंज विजय सिंह मीना, एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री और डीएम सुरेंद्र सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने मॉल के सिक्योरिटी गार्ड्स से पूछताछ की।

इसके बाद इंट्री और एक्जिट गेट पर तैनात तीन पुरुष और दो महिला गार्ड्स के साथ ही सिक्योरिटी अफसर को पूछताछ के लिए पुलिस लेकर कैंट थाने चली गई। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि मॉल के सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। वारदात में मॉल के सुरक्षा तंत्र की चूक देखी जा रही है और पूछताछ की जा रही है। मॉल के सुरक्षा प्रबंधन पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फायरिंग के बीच चीखते-चिल्लाते भागे लोग

जेएचवी मॉल में बुधवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक सब कुछ सामान्य था। मॉल के शोरूमों में लोग खरीदारी कर रहे थे तो बच्चे आइसक्रीम खाते हुए प्रथम तल पर ट्वाय ट्रेन में घूम रहे थे। इसी दौरान अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। एकबारगी किसी को कुछ समझ में ही नहीं आया। मॉल के भूतल पर मची भगदड़ और फायरिंग की आवाज से लोगों को माजरा समझ में आया तो खुद को बचाने के लिए इधर-उधर छुपने लगे। वहीं, कई लोग चीखते-चिल्लाते मदद की गुहार लगाते हुए बाहर भागे। मॉल में मौजूद विदेशी सैलानी कुछ समझ हीं नहीं पाए और जहां के तहां खड़े हो गए। भगदड़ और अफरातफरी के माहौल के बीच कई विदेशी सैलानी रोने लगे तो स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।

मॉल के इर्दगिर्द के एक से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में एसएसपी और डीएम के अलावा अन्य आला अफसर रहते हैं। मॉल के आसपास ही कई तारांकित होटल भी हैं। इस वजह से मॉल में विदेशी सैलानियों की खासी भीड़ रहती है। मॉल में भगदड़ मची तो सामने की सड़क से गुजर रहे विदेशी सैलानियों की एक बस फंस गई। बस में मौजूद सैलानी भयभीत दिखे और चालक से अनुरोध करने लगे कि जल्दी आगे निकले।

किसी तरह से मॉल से बाहर निकल कर आईं अंकिता सिंह अपनी दोस्त अवनी मिश्रा को काफी देर तक खोजती रहीं। अंकिता ने बताया कि ऐसे लगा जैसे आतंकवादी हमला हुआ है। पांडेयपुर के अमित पांडेय ने कहा कि वह प्रथम तल पर घूम रहे थे। अचानक गोलियां तड़तड़ाने लगी ंतो पहले तो लगा कि किसी शोरूम में किसी स्कीम के तहत आतिशबाजी की जा रही होगी। नीचे देखा तो भगदड़ मची थी तो वह भी सीढ़ियों से कूदते हुए पीछे के गेट से बाहर भागे। बेटे सनी तिवारी के साथ खरीदारी करने आई भोजूबीर की प्रतिमा तिवारी ने कहा, ऐसा हमने कभी नहीं देखा था।
 

चौतरफा गिरा खून खौफनाक मंजर कर रहा था बयान

मॉल में अंधाधुंध फायरिंग के बाद भूतल स्थित ब्रांडेड कपड़ों और जूतों के शोरूम के भीतर और बाहर चौतरफा खून गिरा हुआ था। भागने के दौरान कई लोगों की चप्पलें और सैंडल भी छूट गए। खून और बिखरे चप्पल-सैंडल वारदात की भयावहता को दर्शा रहे थे।

 

...और फोेटो खींचने, वीडियो बनाने से नहीं आए बाज


सोशल मीडिया के इस दौर में लोगों को फोटो खींचने और वीडियो बनाने का इतना चस्का है कि लोग जगह और समय पर भी ध्यान नहीं देते हैं। पांडेयपुर फ्लाईओवर हादसा और लहरतारा धमाके के दौरान घटनास्थल पर जाकर सेल्फी लेने, फोटो खींचने और वीडियो बनाने वालों के तौर पर इसकी बानगी देखी जा चुकी है। बुधवार को जेएचवी मॉल के बाहर भी ऐसा ही हुआ। मॉल से जब भगदड़ मची थी तो बाहर खड़े कई लोग पुलिस को सूचना देने की बजाय फोटो खींच रहे थे और वीडियो बना रहे थे।

पुलिस-प्रशासन के आला अफसरों ने ली जानकारी

मॉल में वारदात की जानकारी मिलने पर एसएसपी आनंद कुलकर्णी और क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह के साथ ही एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद पहुंचे। इसके थोड़ी ही देर बाद आईजी रेंज विजय सिंह मीना,  एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री और डीएम सुरेंद्र सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। एडीजी जोन और आईजी रेंज ने एसएसपी को घटना का जल्द खुलासे का निर्देश दिया है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed