मऊ : मनबढ़ों ने क्षतिग्रस्त की आंबेडकर की प्रतिमा, ग्रामीण हुए आक्रोशित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के टेकई गांव में बुधवार रात गांव में लगी डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा मनबढ़ों (बदमाशों) ने क्षतिग्रस्त कर दी। गुरुवार की सुबह लोग प्रतिमा के पास से गुजरे तो प्रतिमा का एक हाथ टूटा देख आक्रोशित हो गए। बात गांव में फैली तो मौके पर ग्रामीण जुट गए। इधर सूचना पाते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिस ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराई, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। उधर, ग्राम प्रधान ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
बुधवार की रात टेकई गांव के मुख्य मार्ग पर लगी डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के एक हाथ को मनबढ़ों ने तोड़ दिया। गुरुवार की सुबह प्रतिमा का एक हाथ क्षतिग्रस्त हुआ देख ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। कुछ ही देर में सैकड़ों की तादाद में लोग प्रतिमा स्थल पर जमा हो गए तथा प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कराने लगे।
सूचना पाते ही मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जिस पर पुलिसबल को लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। पुलिस ने माहौल को भांपते हुए तुरंत क्षतिग्रस्त प्रतिमा को ठीक कराया। उधर, प्रतिमा के क्षतिग्रस्त करने और वहां मौजूद सोलर लाइट उठा ले जाने के आरोप में ग्राम प्रधान प्रेमशीला ने तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। क्षेत्राधिकारी नंदलाल ने कहा तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।