सोनभद्र : महिला की अस्पताल में मौत, गुस्साए परिजनों ने जमकर की तोड़फोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव में स्थित कीर्ति पाली हॉस्पिटल में बुधवार सुबह में कलावती(60) की मौत हो गई। महिला के साथ आए लोगों ने मौत से क्षुब्ध होकर अस्पताल में तोड़फोड़ की। साथ ही एंबुलेंस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
सीओ ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर कर उन्हें शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्ताल भेज दिया। मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने डॉ एके सिंह के खिलाफ और डॉक्टर के प्रार्थना पत्र पर तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
सोमवार को मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के झरकरा और हाल पता घोरावल के वार्ड नंबर दो निवासी कलावती(60) पत्नी सीताराम प्रसाद प्रजापति कीर्ति पाली हॉस्पिटल में भर्ती हुई थी। बुधवार सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के बेटे दीपक ने घर के अन्य सदस्यों, रिश्तेदारों, संबंधितों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
परिजन समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंच कर डॉक्टर की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। नाराज कुछ लोग अस्पताल के शीशे, एंबुलेंस समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त करने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कोतवाली के एसएसआई विंकटेश तिवारी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन मृतका के बेटे दीपक का कहना था कि डॉक्टर समेत अन्य कर्मियों की लापरवाही से उसकी मां की मौत हुई है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने पर ही वे लोग शव ले जाएंगे।
कुछ ही देर बाद भारी पुलिस बल के साथ सिटी सीओ डॉ केजी सिंह भी पहुंच गए और उन्होंने कहा कि जो तहरीर देंगे उसके आधार वर कार्यवाही होगी तब जाकर सभी शांत हुए। दोपहर बाद जिला अस्पताल में पुलिस ने शव का पीएम करवाकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।
कोतवाल मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि दीपक की तहरीर पर डॉ. एके सिंह के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं राबर्ट्सगंज के दीपनगर निवासी डॉक्टर अशोक कुमार सिंह ने मृतका के बेटे दीपक प्रजापति, हरीलाल प्रजापति, डॉ. घनश्याम सिंह, बलवंत, बृजेश, नूरजहां, किस्मतिया और 10 से अधिक अज्ञात के खिलाफ तोड़फोड़ समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया है। कहा कि जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही होगी।