बच्चा चोरी की अफवाह में पीटे गए मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति की मौत, चार गिरफ्तार
बच्चा चोरी की अफवाह के चक्कर में वाराणसी के बड़ी बाजार में लोगों की पिटाई से घायल मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति की उपचार के दौरान मंडलीय अस्पताल में मौत हो गई। जैतपुरा थाने में 50 अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लद्दनपुरा के मो. मोदस्सिर, ओरीपुरा के महताब आलम, गुलजार अहमद और इरशाद को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों को चिह्नित करने के लिए पुलिस बड़ी बाजार में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बड़ी बाजार में मंगलवार को बच्चा चोरी की अफवाह के चक्कर में 55 वर्षीय मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति को लोगों ने जमकर पीटा था। सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से उपचार के दौरान मंडलीय अस्पताल में देर रात उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस उसके नाम और पते की तस्दीक नहीं करा सकी है। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि जैतपुरा थाने में 50 अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इंस्पेक्टर जैतपुरा से कहा गया है कि अन्य आरोपियों को चिह्नित कर जल्द गिरफ्तार करें।
गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित :
एसएसपी ने बताया कि बच्चा चोरी की अफवाह में भिखारियों और मानसिक रूप से परेशान लोगों की पिटाई करने के आरोप में अब तक भेलूपुर, सिगरा, जैतपुरा, आदमपुर और चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इन मुकदमों से संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। कहा गया है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों को चिह्नित कर जल्द गिरफ्तार किया जाए।
रासुका के तहत कार्रवाई करे पुलिस : एडीजी जोन
बच्चा चोरी की अफवाह फैला कर मारपीट करने वालों से सख्ती से निबटने का निर्देेश एडीजी बृज भूषण ने जोन के दस जिलों के पुलिस अधीक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और मारपीट करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने में देरी न की जाए। साथ ही, राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कार्रवाई हो। एडीजी जोन ने लोगों से अपील की है कि संयम बरतें और संवेदनशीलता का परिचय दें।
पैदल गश्त कर की अफवाहों से दूर रहने की अपील
जैतपुरा, सिगरा और आदमपुर थाना के अलग-अलग इलाकों में मंगलवार शाम एसएसपी ने फोर्स के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत कर अपील की कि बच्चा चोरी की अफवाहों के चक्कर में कतई न पड़ें। बच्चे कहीं भी चोरी नहीं हो रहे हैं।
यदि कहीं ऐसी शिकायत हो तो तत्काल सौ नंबर पर कॉल करें। पुलिस अधिकतम 15 मिनट में आपके सामने होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी के साथ बच्चा चोरी की अफवाह के चक्कर में मारपीट की गई तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, बीट आरक्षियों और यूपी 100 के पीआरवी के पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है।