भदोही में कोरोना वायरस के चार और मरीज मिले, एक युवक ने रिपोर्ट को बताया झूठ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार को चार और मरीज सामने आए हैं। इनमें तीन प्रवासी हैं, जो मुंबई, दिल्ली और सूरत से गांव आए हैं, जबकि एक औराई ब्लॉक के घोसिया गांव निवासी स्थानीय नागरिक है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें आइसोलेट कराने के साथ ही गांवों में सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिया है।
सुरियावां ब्लॉक क्षेत्र के कुसौड़ा गांव निवासी युवक सूरत में सब्जी का कारोबार करता है। 21 वर्षीया पत्नी को लेकर 25 मई को वह सूरत से गांव आया था। प्राथमिक जांच के लिए परिवार को होम क्वारंटीन कर दिया गया था। कोरोना के लक्षण देखते हुए चार जून को उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया।
गुरुवार को रिपोर्ट आई तो वह पॉजिटिव निकली। सुरियावां क्षेत्र के बहुता गांव निवासी 30 वर्षीय युवक गाजियाबाद में बैंकिंग सेक्टर में जॉब करता है। वह तीन जून को गांव आया था। अस्पताल में चेकअप कराने के बाद उसे होम क्वारंटीन में रहने की सलाह दे दी गई। चार जून को उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। आज को रिपोर्ट आई तो वह पॉजिटिव निकला।
सुरियावां ब्लॉक के महदेपुर गांव निवासी 31 वर्षीय युवक मुंबई में पान की दुकान चलाता है। दो जून को मुंबई से गांव आया था। तीन जून को उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट आई तो वह पॉजिटिव निकला। तीनों गांवों में स्वास्थ्य टीम ने पहुंचकर उनके परिजनों का ब्योरा एकत्र किया और पीड़ितों को भदोही आइसोलेशन सेंटर भेजा गया।
इसी तरह औराई क्षेत्र के घोसिया निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट निजी लैब में जांच के बाद पॉजिटिव आई है। हालांकि उसने अपनी रिपोर्ट को गलत बताया है। उसका कहना है कि मैने दूसरी जगह टेस्ट कराया तो रिपोर्ट निगेटिव आई। लैब ने गलत रिपोर्ट दी है। उधर सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि सभी संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन सेंटर भदोही भेजा जा रहा है।