राहत: तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की तीसरी रिपोर्ट भी आई निगेटिव, अभी किया जाएगा क्वारंटीन
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर के चकसिकठी नयापुरा स्थित मस्जिद से पकड़े गए कोरोना पॉजिटिव बाहरी प्रदेशों के तीन जमातियों की तीसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब उनको स्वस्थ घोषित कर दिया गया है। हालांकि अभी उन्हें लॉकडाउन के कारण उनके घर नहीं भेजा जाएगा, बल्कि उन्हें तहसील स्तरीय शेल्टर होम में ववारंटीन किया जाएगा।
मुबारकपुर के चकसिकठी नयापुरा स्थित मस्जिद से बाहरी प्रदेशों के सात जमाती पकड़े गए थे । इसमें तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। इसमें एक आंध्र प्रदेश, एक तेलंगाना और एक गाजियाबाद का रहने वाला था।
लगभग 10 दिन पहले तीनों कोरोना पॉजिटिव की दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। दो दिन पहले तीसरी बार इनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट भी स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हो गई है। तीसरी रिपोर्ट में भी तीनों निगेटिव पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब उनको स्वस्थ घोषित कर दिया गया है। हालांकि लॉकडाउन की वजह से अभी इनको उनके प्रदेशों में नहीं भेजा जाएगा। बल्कि किसी तहसील स्तरीय शेल्टर होम में रखा जाएगा।
जिलाधिकारी एनपी सिंह ने इसकी पुष्टि की है। इसके साथ ही तीनों जमातियों के साथ 12 और लोगों के सैंपल की जांच कराई गई थी। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। लेकिन उन लोगों को अभी छोड़ा नहीं गया था। 12 लोगों की भी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब उन लोगों को उनके घर भेजा जाएगा।