कोरोना वायरस: पूर्वांचल में अभी भी मिल रहे जमाती, बलिया में मिला पहला और मऊ में पांच नए संदिग्ध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वांचल में निजामुद्दीन से लौटे जमातियों की अभी भी पहचान की जा रही है। जौनपुर, आजमगढ़ और बलिया जिले में आज जमाती मिले हैं। जिन्हें क्वारंटीन किया गया है, और उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। पूर्वांचल में अब तक 18 कोरोना वायरस के मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें एक की मौत हो चुकी है। तो वहीं दो ठीक होकर घर जा चुके हैं।
वाराणसी में अब तक 6 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। रविवार को वाराणसी और गाजीपुर में दो-दो नए मामले सामने आए हैं। इसमें एक 55 वर्षीय शख्स की मौत तीन अप्रैल को हो गई थी, जिसकी रविवार को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। शनिवार को मिर्जापुर-गाजीपुर में दो मामले सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को वाराणसी में तीन नए मामले सामने आए और आजमगढ़ में भी तीन नए कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज मिले।
मऊ :
आजमगढ़ में कोरोना संदिग्ध मिले तीन जमातियों के साथ रहने वाले मऊ जिले के जमाती युवक आदिल को प्रशासन ने रविवार की रात मिर्जाहादीपुरा मोहल्ले से पकड़ा। आदिल के अलावा चार अन्य को भी पकड़कर लिटिल फ्लॉवर स्कूल में क्वारंटीन किया। डीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि आदिल की तलाश सलीम के नाम से की जा रही थी। पांच अन्य में एक डॉक्टर भी शामिल है। पांचों की जांच कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी का नमूना बीएचयू वाराणसी भेजा दिया है।
सोनभद्र जिले के ओबरा के मिल्लत नगर मस्जिद में मिले 17 जमातियों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बावजूद उन्हें शिक्षा निकेतन में क्वारंटीन किया है। पुलिस टीम के साथ ही चिकित्सक भी उनकी निगरानी कर रहे हैं। इस बीच जिले में बनाए गए 27 क्वारंटीन सेंटर में ठहराए गए लोगों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जा रही है, जिनके लिए चार टीमें लगाई गई हैं। सीमावर्ती इलाकों में भी गैर प्रांतों व जिलों से आने वालों पर निगाह प्रशासन रख रहा है। सोशल डिस्टेंस का पालन न करने वालों पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है।
जौनपुर में फिर मिला एक जमाती :
निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात में हिस्सा लेने वाला एक और जमाती की सोमवार को जौनपुर में पहचान हुई है। मऊ के इमामपुरा निवासी यह 40 वर्षीय युवक 18 मार्च को तब्लीगी जमात में गया था। वहां एक दिन रुकने के बाद गाजियाबाद चला गया। इसी दौरान लॉकडाउन होने में वहीं फंस गया था। चार दिन पहले गाजियाबाद से साइकिल लेकर वह घर के लिए निकला और सोमवार को शाहगंज पहुंचा। यहां सर सैयद इंटर कॉलेज में बने आश्रय स्थल में शरण ली है।
उसे 14 दिन क्वारंटीन में रखा गया है। सैंपल भी बीएचयू भेजा जा रहा है। जिले में अब तक जमात में हिस्सा लेने वाले 106 लोग मिल चुके हैं। इसमें 48 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। दो पॉजीटिव मिले हैं। अन्य की रिपोर्ट का इंतजार है। उधर, 23 मार्च को शहर के फिरोसेपुर निवासी जिस युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई थी, उसकी बाद की दो रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। उसे सोमवार शाम तक डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। अब 14 दिन तक वह घर में ही क्वारंटीन में रहेगा।
चंदौली :
जिले में निजामुद्दीन में आयोजित धार्मिक जलसे से कोई भी जमाती नहीं लौटा है और न ही अब तक जिले से किसी के शामिल होने की सूचना है। वहीं चकिया और धानापुर के कमालपुर से कोरोना के पांच संदिग्ध जिला राजकीय चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। उनकी रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके अलावा बाहर से आए या फिर कोई संदिग्ध मिलने की सूचना पर करीब सात सौ लोगों को घरों में और 200 से अधिक लोगों को एक कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है।
आजमगढ़ :
आजमगढ़ में सोमवार को कोरोना संदिग्धों की 28 और रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी 7 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। जिले से अब तक कुल 75 सैंपल भेजे गए थे, जिसमें 68 की रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें 65 लोग निगेटिव और 3 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसमें कुल 33 लोग तब्लीगी जमात से संबंधित हैं।
बलिया में सामने आया पहला जमाती :
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज के तब्लीगी जमात से लौटा पहला युवक बलिया जिले में मिला है। जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के गांव में आए एक युवक की सूचना कंट्रोल रूम को पुलिस को मील। इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को उसके घर से पकड़ कर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया।
इसके बाद उसका सैंपल लेकर जांच के लिए वाराणसी भेजा। इससे पहले युवक और उसके घर वाले तब्लीगी जमात के बारे में जानकारी नहीं दे रहे थे, जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने तब्लीदी जमात जाने की बात कबूली। अब तक कुल 15 कोरोना संदिग्ध मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। इसमें से 10 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि बाकी पांच की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।