Varanasi News: नियमों को ताक पर रखकर दिया मोबाइल टावर कनेक्शन, एसडीओ और जेई निलंबित
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विद्याभूषण ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए शक्तिपीठ उपकेंद्र के एसडीओ राकेश यादव और गोइठहां उपकेंद्र के अवर अभियंता ओमप्रकाश गौतम को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
नियम और कायदे कानून को दरकिनार करके घरेलू और मोबाइल टावर कनेक्शन देने के मामले में एसडीओ और जेई को निलंबित किया गया है। भाजपा नेता की शिकायत पर जब जांच शुरू हुई तो मामला सामने आया। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विद्याभूषण ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए शक्तिपीठ उपकेंद्र के एसडीओ राकेश यादव और गोइठहां उपकेंद्र के अवर अभियंता ओमप्रकाश गौतम को निलंबित कर दिया है। दोनों को मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश और अखंड सिंह ने लालपुर स्थित प्लाट पर बिजली का कनेक्शन लेने के लिए पोर्टल पर आवेदन किया था। कर्मचारियों की ओर से कनेक्शन देने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई। सत्य प्रकाश और अखंड सिंह ने इसकी शिकायत एमडी से की।
एमडी के आदेश पर दो सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पता चला कि कई लोगों को केबिल के जरिए नियमों को ताक पर रखकर कनेक्शन दे दिया गया है। इसके अलावा दो मोबाइल टावर को भी कनेक्शन जारी कर दिया गया।
कनेक्शन जारी करने में एसडीओ, जेई और लाइनमैन ने रुपयों की वसूली की थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एमडी ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया। निदेशक (कार्मिक और प्रशासन) शेष कुमार बघेल ने बताया कि अधिशासी अभियंता एके सिंह से भी इस मामले में पूछताछ की जाएगी।