दो अक्टूबर से होगी कांग्रेस की रणनीति, इस बहाने सरकार को घेरकर जमीन मजबूत करने की होगी कोशिश
कांग्रेस अब गांव-गांव तक अपने हाथ को मजबूत करने की तैयारियों में जुट गई है। वाराणसी में सरकार को कृषि विधेयक पर घेरने की रणनीति के साथ ही संगठन विस्तार पर चर्चा की गई। बैठक में पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही गांव-गांव तक पार्टी के विचार व सोच को पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
रविवार को इंग्लिशिया लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में पूर्वांचल के 10 जिलों के जिला व महानगर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष ललितेश पति त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार में जुट जाने को कहा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि किसान से लेकर आम आदमी की लड़ाई में हर कदम जनता के साथ चलना है। संगठन को ग्राम पंचायत, ब्लाक व जिले में पुनर्गठित करना है। इसमें युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
दो अक्तूबर से संगठन विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और दो दिसंबर तक हर ग्राम सभा की कमेटी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान कृषि विधेयक पर सरकार को घेरने केलिए रणनीति पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय समारोह भी हुआ और हर पदाधिकारी को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। इस दौरान प्रदेश महासचिव मकसूद खां, विश्वविजय सिंह, सचिव मणींद्र मिश्र, देवेंद्र सिंह, इमरान खान, उज्जवल शुक्ला, अनिल यादव मौजूद रहे।