UP Accident: दो ट्रेलर में टक्कर, केबिन में फंसकर चालक की मौत, बाइपास जाम; स्टीयरिंग काटकर निकाली लाश
Mau News: सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर दोहरीघाट थाने की पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से बाइपास पर लगे जाम को हटाया गया। इसके साथ ही चालक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Road Accident: मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई। गोठा बाइपास के पास फोरलेन पर पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने आगे चल रहे ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पीछे वाले ट्रेलर की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद केबिन और स्टीयरिंग काटकर चालक का शव बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की है। गोरखपुर की ओर से एक ही कंपनी के कई खाली ट्रेलर कतारबद्ध होकर मऊ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गोठा बाइपास के पास पीछे चल रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर में जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
हादसे में कुशीनगर जिले के पडरौना थाना क्षेत्र के विजयपुर निवासी चालक सैफ अली (26) केबिन के अंदर ही फंस गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दोहरीघाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षतिग्रस्त केबिन और स्टीयरिंग को काटकर चालक तक पहुंचने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। करीब 30 मिनट की कड़ी मेहनत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।
हादसे के कारण फोरलेन पर लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में चालक मोहम्मद सैफ की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। वाहन मालिक और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।