गो तस्करी करने वालों की आई शामत: CM योगी ने दिए ये निर्देश, बोले- हर स्तर पर जवाबदेही तय; ADG को दी जिम्मेदारी
काशी पहुंचे सीएम योगी ने अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। विकास कार्यों के साथ उन्होंने गो तस्करी रोकने को लेकर निर्देश दिए। कहा कि वाहन हो या आरोपी, इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
CM Yogi in Varanasi : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गो-तस्करी पर प्रतिबंधित है। इसमें जो भी संलिप्त पाया जाए, वह चाहे तस्कर हो, वाहन स्वामी हो या फिर पुलिस-प्रशासन का ही व्यक्ति, उस पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। गो तस्करों पर पैनी निगाह रखी जाए। साथ ही हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाए। इसकी जिम्मेदारी एडीजी जोन पियूष मोर्डिया को दी है।
दो दिवसीय दौरे पर काशी आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मस्थलों से लाउडस्पीकर के आवाज पर स्थायी नियंत्रण करें। डीजे की ध्वनि तेज हो तो सख्ती के साथ रोकें।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। व्यापारी और उद्यमियों को ज्यादा से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने राजस्व से संबंधित वादों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया और कहा कि लंबे समय से एक ही पटल पर जमे लोगों और कामकाज में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को हटाया जाए। सीएम हेल्प लाइन और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का मेरिट के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु थानावार टॉपटेन अपराधियों की सूची बनाएं और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, फुट पेट्रोलिंग कराए जाने पर जोर दिया। कहा कि पुलिस और पिंक बूथों में प्रत्येक समय पुलिस के जवान मौजूद रहें। उन्होंने जिले में साइबर क्राइम पर सतर्क दृष्टि रखने के साथ ही उस पर पूर्ण नियंत्रण करने का निर्देश दिया।
बेतरतीब तरीके से न लगाएं होर्डिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं भी पेयजल की समस्या न आने पाए। समुचित पेयजल आपूर्ति के प्रबंध सुनिश्चित कराए जाएं। मुख्यमंत्री ने महाकुंभ के आयोजन के दौरान जनपद में जिला प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्था एवं सराहनीय कार्य किए जाने पर प्रशंसा की। उन्होंने फ्लाईओवर के पिलर पर अच्छी पेंटिंग के साथ ही अच्छे विज्ञापन डिस्प्ले कराए जाने पर भी जोर दिया। कहा कि शहर में लगे बेतरतीब तरीके से होर्डिंग को हटाकर उसे व्यवस्थित कराएं। ठेला, पटरी व्यवसायियों के लिए शहर में पर्याप्त वेंडिंग जोन बनाएं।
नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण को समुचित स्थलों का चयन कर वहां वाहन पार्किंग बनाए जाने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए सस्ते भोजन, निःशुल्क पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने का भी निर्देश दिया।
जनपद में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए हुए एमओयू के सापेक्ष अब तक निवेश की जानकारी लेते हुए इसमें प्रभावी ढंग से कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनपद में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास एवं सस्ती कैंटीन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मेयर अशोक कुमार तिवारी, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुशील सिंह मौजूद रहे।
ये अफसर रहे मौजूद
कमिश्नर कौशल राज शर्मा, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीएम एस राजलिंगम, अपर पुलिस आयुक्त एस. चेनप्पा, सीडीओ हिमांशु नागपाल समेत अन्य मौजूद रहे।
काशी विश्वनाथ, काल भैरव और मां अन्नपूर्णा में किया पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठक के बाद बाबा कालभैरव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने कालभैरव की आरती की। दर्शन-पूजन के बाद सीएम का काफिला श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर की ओर रवाना हो गया। यहां उन्होंने बाबा का षोडशोपचार पूजन किया। यहां से वह मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए पहुंचे। पिछले दिनों महंत शंकरपुरी ने सीएम को कुंभाभिषेक का प्रसाद सौंपा था तो सीएम ने जल्द ही माता के दर्शन के लिए आने का वादा किया था। मंदिर प्रशासन के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ ने तीन साल बाद मां अन्नपूर्णा का दर्शन पूजन किया गया।
यूपीपीसीएल, पीडब्लयूडी के सभी प्रोजेक्ट में धीमे हो रहे कार्यों से मुख्यमंत्री हुए नाराज, कहा तेजी लाइए
मुख्यमंत्री ने गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। इस दौरान डीएम एस राजलिंगम ने जिले में निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी पीपीटी के माध्यम से शुरू की।
इसमें बताया कि रिंग रोड फेज-2 के गंगा पर निर्माणाधीन पुल के एक लेन का कार्य आगामी मार्च तक और जून 2025 तक परियोजना को पूरा किया जाएगा। यूपीपीसीएल और लोक निर्माण विभाग के लगभग सभी प्रोजेक्ट्स में देरी पर मुख्यमंत्री नाराज हुए। कहा कि समय से गुणवत्तापूर्ण काम करिए। चंद्रावती घाट पर कार्य की खराब गुणवत्ता की शिकायत पर कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना के शुरू होने से पहले ही एनओसी आदि की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अनावश्यक लेटलतीफी से बचा जा सके। अफसरों से कहा कि कार्यों की निगरानी करते रहें, लेटलतीफी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जिम्मेदारी सुनिश्चित कर कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को मजबूत कर रही सरकार
मुख्यमंत्री द्वारा बड़ा लालपुर में निर्माणाधीन निफ्ट कैंपस के काम में तेजी लाने को कहा। कहा कि सभी प्रोजेक्ट को उसके विशेषज्ञों के माध्यम से उसकी जांच कराते रहे। हर घर नल योजना में जलनिगम ग्रामीण द्वारा बताया गया की 757 गावों में परियोजना पूरी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने डीएम से कहा कि इनका सत्यापन कराइए। डीएम ने गेहूं खरीद के संबंध में बताया कि आगामी 17 मार्च से जनपद के कुल 36 केंद्रों पर सरकारी रेट 2425 रुपये में गेहूं खरीदारी शुरू होगी।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को कानून व्यवस्था, होलिका दहन और होली के अवसर पर निकलने वाले जुलूस की तैयारी, लाउडस्पीकर अभियान, विगत दिनों महाकुंभ के पलट प्रवाह का सफल आयोजन समेत तीन नए कानूनों के क्रियान्वयन की जानकारी दी। जिस पर मुख्यमंत्री ने धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर और कान में चुभने वाले डीजे की ध्वनि नियंत्रण हेतु लगातार अभियान चलाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने होली पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने होलिका दहन वाले स्थलों, होलिकोत्सव, शोभा यात्रा की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने शहर में बेहतर ट्रैफिक मैनजमेंट, क्राउड मैनेजमेंट के साथ ही आमजन, श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों के साथ पुलिस प्रशासन के कार्मिकों द्वारा अच्छा व्यवहार करने की बात कही।