वाराणसी में सीएम योगीः प्रबुद्धजनों से बोले मुख्यमंत्री- प्रदेश के विकास की धुरी है काशी, अब दुनिया में बदली यूपी की छवि
बीएचयू के शिक्षा संकाय के चाणक्य सभागार में कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां बताईं और विपक्ष पर निशाना साधा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय था जब दुनिया भर में लोग काशी, आयोध्या और मथुरा आने में संकोच करते थे। मगर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में मंदिर निर्माण में प्रत्यक्ष मौजूद रहकर दुनिया के सामने भारत के एजेंडे को रखा। उन्होंने योग को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि काशी प्रदेश के विकास की धुरी है और यहां के विजन को अब देश और दुनिया भी हाथों हाथ लेती है।
कमच्छा स्थित बीएचयू के शिक्षा संकाय के चाणक्य सभागार में कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां बताईं और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद का एक नेतृत्व ऐसा था, जिसने सोमनाथ में कार्य का विरोध किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में यूपी की छवि दंगा प्रदेश, भ्रष्टाचार सहित खराब माहौल से रहने लायक नहीं थी। यूपी का नाम सुनकर कई योग्य नौजवानों को बाहर का रास्ता दिखाया जाता था। मगर, सबकी सामूहिकता का परिणाम है कि यूपी ने दुनिया में छवि बदली है। आने वाले पांच साल में यूपी की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय प्रति व्यक्ति आय से ज्यादा होगी।
उन्होंने कहा कि सरकारें 1947 से चल रही हैं मगर, उनका एजेंडा तय नहीं हो पाता था। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज कुंभ का सनातन परंपरा के अनुसार आयोजन और काशी में प्रवासी भारतीय सम्मेलन ने हमारी मंशा को जाहिर किया। सरकार की नीयत से ही उसकी भावी योजनाओं का पता लगता है। उन्होंने कोरोना काल की चुनौतियों का जिक्र किया और कहा कि हर मुश्किल में सरकार ने जनहित को सर्वोपरि रखा।
1916 में महात्मा गांधी की काशी यात्रा का जिक्र
मुख्यमंत्री ने वर्ष 1916 में महात्मा गांधी की काशी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बापू ने काशी विश्वनाथ में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा था कि यहां कैसे हिंदू रहते हैं। महात्मा गांधी के नाम पर सत्ता हासिल करने वालों की लंबी सूची है, मगर उनके विजन पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही भव्य काशी विश्वनाथ धाम का सपना साकार किया।
उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ की तरह मां विंध्यवासिनी का भी भव्य मंदिर निर्माण कराया जा रहा है। अयोध्या और ब्रज में भी काशी के विजन को लागू किया जा रहा है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी, रविंद्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महेश श्रीवास्तव, विद्यासागर राय, नवरतन राठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अयोध्याः दीपावली के लिए सात लाख मिट्टी के दीपक तैयार
सीएम बोले- स्कूल से टूटा बच्चों का संवाद
मुख्यमंत्री ने कोरोना की लंबी लड़ाई के बीच शिक्षा व्यवस्था पर पड़ रहे असर पर चिंता जाहिर की और कहा, काशी की परंपरा गुरु शिष्य की थी। ऐसे में कोरोना महामारी में इस गुरु शिष्य के संवाद को बनाए रखने के लिए रास्ता निकालना होगा। दूर गांव में बैठे उन सभी बच्चों को शिक्षा के साथ जोड़ सकते हैं और इस चुनौती के बीच रास्ता निकालना होगा।
इस बात पर विचार करने का समय है कि तकनीक का बेहतर उपयोग कैसे कर सकते हैं। लंबे समय तक स्कूल बंद नहीं हो सकते हैं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के एक बच्चे के संवाद को साझा किया और कहा कि एक बच्चे से पूछा कि कौन सी क्लास में हो, उसका जवाब था कि जब मैं स्कूल जाता था तो चौथी में था। बच्चों का संवाद स्कूल से टूट गया है। यह भाव है कि उन बच्चों का जिनके मन में पढ़ने की तमन्ना है। नए प्रयास को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।